गाजीपुर
हथियाराम मठ में भाजपा नेताओं ने किया दर्शन-पूजन, महामंडलेश्वर से लिया आशीर्वाद
भानु प्रताप सिंह, राजेश राजभर और विजय यादव को नई जिम्मेदारी मिलने पर दी गई शुभकामनाएं
जखनिया (गाजीपुर)। भाजपा काशी क्षेत्र की क्षेत्रीय टीम में नवनिर्वाचित गाजीपुर के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं क्षेत्रीय उपाध्यक्ष भानु प्रताप सिंह, क्षेत्रीय मंत्री राजेश राजभर और क्षेत्रीय मंत्री विजय यादव ने जखनिया ब्लॉक स्थित सुप्रसिद्ध हथियाराम मठ पहुंचकर बुढ़िया माता के दरबार में मत्था टेका। तीनों नेताओं ने विधिवत दर्शन-पूजन करने के बाद महामंडलेश्वर हथियाराम मठ श्रद्धेय भवानी नंदन यति से आशीर्वाद प्राप्त किया।

महंत ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को दिया संदेश
इस अवसर पर महंत भवानी नंदन यति ने तीनों नेताओं को नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं देते हुए आशीर्वाद दिया। उन्होंने कहा कि जिस दल में काम करते हैं, उसके प्रति समर्पण और पूरी निष्ठा के साथ जिम्मेदारी निभाएं। राष्ट्र धर्म को सर्वोपरि रखते हुए सनातन का सम्मान करें और संगठन को मजबूत करने के लिए कार्य करें।
उन्होंने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों के कारण कई नौजवान भटक रहे हैं। ऐसे युवाओं को सही मार्गदर्शन देकर राष्ट्र पथ पर लाने की आवश्यकता है। नेताओं को समाज और युवाओं के बीच सकारात्मक भूमिका निभानी चाहिए।

क्षेत्रीय टीम में मिली महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां
गाजीपुर जनपद के रहने वाले नेताओं को भाजपा काशी क्षेत्र की क्षेत्रीय टीम में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई हैं। भानु प्रताप सिंह को अनुसूचित जाति मोर्चा और राजेश राजभर को युवा मोर्चा का क्षेत्रीय प्रभार सौंपा गया है। विजय यादव को भी क्षेत्रीय मंत्री का दायित्व मिला है।
अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह देकर किया स्वागत
भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष प्रमोद वर्मा ने सभी नेताओं का अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह देकर स्वागत-अभिनंदन किया। इस मौके पर व्यापार प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष प्रमोद वर्मा, मंडल अध्यक्ष धर्मवीर राजभर, संदीप सिंह, उमाशंकर यादव, पीयूष सिंह, नागेंद्र निगम सहित अन्य प्रमुख लोग मौजूद रहे।
