गाजीपुर
ट्रेन की चपेट में आने से सीआरपीएफ के सेवानिवृत्त जवान की मौत
औड़िहार-गाजीपुर रेलखंड पर हादसा, शव के पास मिली साइकिल; जांच में जुटी पुलिस
सैदपुर के रहेड्डा मोहल्ले की घटना, पत्नी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
औड़िहार (गाजीपुर)। औड़िहार-गाजीपुर रेलखंड पर शुक्रवार सुबह ट्रेन की चपेट में आने से सीआरपीएफ के सेवानिवृत्त जवान की दर्दनाक मौत हो गई। घटना सैदपुर नगर के वार्ड संख्या-11 स्थित रहेड्डा मोहल्ले के समीप हुई। सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी।

मृतक की पहचान सिंहपुर गांव निवासी 62 वर्षीय सरोज सिंह यादव के रूप में हुई। वह केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) से सेवानिवृत्त थे। घटनास्थल के पास से पुलिस को उनकी साइकिल भी बरामद हुई है।
सुबह साइकिल लेकर निकले थे घर से
परिजनों के अनुसार सरोज सिंह यादव शुक्रवार भोर में साइकिल लेकर घर से निकले थे। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजन उनकी तलाश कर रहे थे। इसी बीच सुबह करीब सात बजे सूचना मिली कि सैदपुर रेलवे ट्रैक पर एक व्यक्ति ट्रेन की चपेट में आ गया है।
सूचना मिलते ही बड़े पुत्र विनय यादव मौके पर पहुंचे। पिता का शव देखकर वह बदहवास हो गए। मौके पर मौजूद लोगों और पुलिसकर्मियों ने उन्हें संभाला।
सेवानिवृत्ति के बाद खराब चल रहा था स्वास्थ्य
पुत्र विनय यादव ने बताया कि उनके पिता करीब दो वर्ष पहले सीआरपीएफ से सेवानिवृत्त हुए थे। सेवानिवृत्ति के बाद उनका स्वास्थ्य लगातार खराब रहने लगा था और वह मानसिक बीमारी से भी परेशान थे।
सरोज सिंह यादव अपने पीछे पत्नी प्रेमशिला देवी, दो पुत्रों और भरे-पूरे परिवार को छोड़ गए हैं। बड़ा पुत्र विनय खेती-बाड़ी करता है, जबकि छोटा पुत्र विपिन यादव प्रयागराज स्थित इलाहाबाद हाईकोर्ट में अधिवक्ता हैं।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना के बाद मृतक की पत्नी प्रेमशिला देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे की जानकारी मिलते ही गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
सैदपुर कस्बा पुलिस चौकी प्रभारी मनोज कुमार पांडे ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रथम दृष्टया मामला ट्रेन की चपेट में आने का प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
