वाराणसी
सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय का 44वाँ दीक्षान्त समारोह अब 29 जुलाई को
राज्यपाल कार्यालय के निर्देश पर बदली तिथि, 30 जुलाई के स्थान पर 29 जुलाई को होगा आयोजन
मुख्य भवन में पूर्वाह्न 10 बजे होगा दीक्षान्त समारोह, विश्वविद्यालय प्रशासन ने तैयारियां तेज करने के दिए निर्देश
वाराणसी। सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय के 44वें दीक्षान्त समारोह की तिथि में परिवर्तन किया गया है। अब यह समारोह पूर्व निर्धारित 30 जुलाई, 2026 के बजाय 29 जुलाई, 2026 (बुधवार) को पूर्वाह्न 10:00 बजे विश्वविद्यालय के मुख्य भवन में आयोजित किया जाएगा।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, उत्तर प्रदेश के श्री राज्यपाल एवं कुलाधिपति के विशेष कार्याधिकारी के पत्र के अनुपालन में यह निर्णय लिया गया है। इस संबंध में विश्वविद्यालय की ओर से कार्यालय-ज्ञापन जारी कर सभी संकायाध्यक्षों, विभागाध्यक्षों, विभिन्न समितियों, अधिकारियों एवं संबंधित शाखाओं को आवश्यक तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा की स्वीकृति के उपरांत कुलसचिव राकेश कुमार द्वारा संशोधित तिथि से संबंधित कार्यालय-ज्ञापन जारी किया गया।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने दीक्षान्त समारोह में शामिल होने वाले विद्यार्थियों, शोधार्थियों, आमंत्रित अतिथियों तथा संबंधित अधिकारियों से संशोधित तिथि के अनुरूप अपनी तैयारियां सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है, ताकि 44वाँ दीक्षान्त समारोह गरिमापूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा सके।
