गाजीपुर
उर्वरकों का पर्याप्त भंडार, डीएपी-यूरिया की कमी नहीं: प्रशासन
181 सहकारी केंद्रों पर हो रही बिक्री, 2,488 मीट्रिक टन डीएपी का नया आवंटन
गाजीपुर। खरीफ सीजन के दौरान किसानों को उर्वरकों की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने पर्याप्त भंडारण और वितरण की व्यवस्था की है। प्रशासन के अनुसार जनपद में यूरिया और डीएपी सहित फास्फेटिक उर्वरकों की किसी प्रकार की कमी नहीं है तथा लगातार सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों को उर्वरक उपलब्ध कराया जा रहा है।
जनपद के 181 सहकारी उर्वरक बिक्री केंद्रों पर वर्तमान में करीब 2200 मीट्रिक टन यूरिया और 1600 मीट्रिक टन फास्फेटिक उर्वरक उपलब्ध हैं। वहीं बफर गोदाम में 5073 मीट्रिक टन यूरिया तथा 5146 मीट्रिक टन डीएपी का स्टॉक सुरक्षित रखा गया है।
जिलाधिकारी के निर्देश पर 16 जुलाई को 2488 मीट्रिक टन डीएपी का आवंटन सहकारी समितियों को किया गया है, जिसका वितरण अगले दो से तीन दिनों में शुरू कर दिया जाएगा। खरीफ सीजन में अब तक 5248 मीट्रिक टन यूरिया और 5100 मीट्रिक टन डीएपी का आवंटन किया जा चुका है।
विभागीय आंकड़ों के अनुसार, पिछले वर्ष 16 जुलाई तक जहां 1346 मीट्रिक टन यूरिया और 945 मीट्रिक टन फास्फेटिक उर्वरक का वितरण हुआ था, वहीं इस वर्ष इसी अवधि तक 3126 मीट्रिक टन यूरिया और 2870 मीट्रिक टन फास्फेटिक उर्वरक किसानों को उपलब्ध कराया जा चुका है।
जिला प्रशासन का कहना है कि जिलाधिकारी के प्रयासों से लगातार डीएपी और यूरिया की रैक प्राप्त हो रही हैं, जिससे किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध कराया जा रहा है। प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे अधिकृत सहकारी केंद्रों से ही निर्धारित मूल्य पर उर्वरकों की खरीद करें।
