Connect with us

खेल

RCB vs DC : रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की धमाकेदार जीत, दिल्ली कैपिटल्स को नौ विकेट से रौंदा

Published

on

Loading...
Loading...

नई दिल्ली। आईपीएल 2026 में सोमवार को खेले गए मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने दिल्ली कैपिटल्स को एकतरफा अंदाज में 9 विकेट से पराजित कर सीजन की पिछली हार का हिसाब बराबर कर लिया। नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए इस मैच में दिल्ली ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 16.3 ओवर में 75 रन बनाए, जिसके जवाब में बेंगलुरु ने 6.3 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया।

टॉस जीतकर दिल्ली को बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया गया, लेकिन टीम की शुरुआत बेहद खराब रही और महज 9 रन के भीतर छह विकेट गिर गए। पावरप्ले में दिल्ली का स्कोर 13/6 रहा, जो आईपीएल इतिहास के सबसे न्यूनतम स्कोर में दर्ज हो गया। भुवनेश्वर कुमार और जोश हेजलवुड की धारदार गेंदबाजी के आगे दिल्ली के बल्लेबाज टिक नहीं सके। भुवनेश्वर ने तीन जबकि हेजलवुड ने चार विकेट अपने नाम किए। केएल राहुल, अक्षर पटेल और समीर रिजवी जैसे प्रमुख बल्लेबाज सस्ते में पवेलियन लौट गए।

मध्यक्रम में डेविड मिलर और अभिषेक पोरेल ने पारी को संभालने का प्रयास किया और सातवें विकेट के लिए 35 रन जोड़े। मिलर ने 19 रन बनाए जबकि पोरेल 30 रन बनाकर टीम के शीर्ष स्कोरर रहे। हालांकि अन्य बल्लेबाजों के लगातार आउट होने से दिल्ली की पूरी टीम 75 रन पर सिमट गई।

Advertisement

छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरी बेंगलुरु की शुरुआत आक्रामक रही। जैकब बेथेल ने तेज 20 रन बनाकर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई, हालांकि वह तीसरे ओवर में आउट हो गए। इसके बाद विराट कोहली और देवदत्त पडिक्कल ने बिना कोई जोखिम लिए पारी को आगे बढ़ाया। कोहली ने 15 गेंदों में नाबाद 23 रन बनाए, जबकि पडिक्कल ने 13 गेंदों में नाबाद 34 रन की तेज पारी खेली और टीम को आसानी से जीत तक पहुंचाया।

इस जीत के साथ बेंगलुरु ने आठ मैचों में अपनी छठी जीत दर्ज की और अंक तालिका में दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि दिल्ली को इतने ही मैचों में पांचवीं हार झेलनी पड़ी और वह सातवें स्थान पर बनी हुई है। मैच में दिल्ली की बल्लेबाजी पूरी तरह विफल रही, लेकिन टीम आईपीएल इतिहास के सबसे न्यूनतम स्कोर के रिकॉर्ड से बचने में सफल रही।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page