खेल
KKR vs LSG : सुपरओवर में केकेआर की रोमांचक जीत, लखनऊ को मिली लगातार पांचवीं हार
लखनऊ। इकाना स्टेडियम में रविवार को खेले गए आईपीएल 2026 के मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स ने लखनऊ सुपर जाएंट्स को सुपरओवर में हराकर रोमांचक जीत दर्ज की। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी कोलकाता की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट पर 155 रन बनाए, जिसमें रिंकू सिंह की नाबाद 83 रनों की शानदार पारी निर्णायक साबित हुई। अंतिम ओवर में दिग्वेश राठी के खिलाफ लगातार चार छक्के लगाकर उन्होंने टीम का स्कोर मजबूती से आगे बढ़ाया। लखनऊ की ओर से मोहसिन खान ने प्रभावशाली गेंदबाजी करते हुए पांच विकेट हासिल किए, जबकि जॉर्ज लिंडे को एक सफलता मिली।

156 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ सुपर जाएंट्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही और मिचेल मार्श जल्दी आउट हो गए। इसके बाद एडेन मार्करम और कप्तान ऋषभ पंत ने पारी को संभाला। मार्करम ने 31 रन बनाए, जबकि पंत ने 38 गेंदों पर 42 रनों की पारी खेली। हालांकि, मध्यक्रम में लगातार विकेट गिरने से टीम दबाव में आ गई। आयुष बडोनी ने 24 रन बनाए, लेकिन अन्य बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सके। निर्धारित 20 ओवर में लखनऊ की टीम आठ विकेट पर 155 रन ही बना सकी और मुकाबला बराबरी पर समाप्त हुआ, जिससे मैच सुपरओवर में पहुंच गया।

सुपरओवर में लखनऊ की ओर से निकोलस पूरन और एडेन मार्करम बल्लेबाजी के लिए उतरे, जबकि गेंदबाजी की जिम्मेदारी सुनील नरेन को दी गई। पहली ही गेंद पर पूरन बोल्ड हो गए। इसके बाद ऋषभ पंत क्रीज पर आए और एक रन लिया। तीसरी गेंद पर मार्करम बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में रिंकू सिंह को कैच दे बैठे। इस तरह लखनऊ की टीम सुपरओवर में सिर्फ एक रन ही बना सकी और कोलकाता को जीत के लिए दो रनों का लक्ष्य मिला।


जवाब में कोलकाता नाइट राइडर्स की ओर से रिंकू सिंह और रोवमन पॉवेल बल्लेबाजी के लिए आए, जबकि लखनऊ के कप्तान ऋषभ पंत ने प्रिंस यादव को गेंद सौंपी। रिंकू सिंह ने पहली ही गेंद पर चौका लगाकर टीम को जीत दिला दी। इस जीत के साथ कोलकाता ने मुकाबला अपने नाम किया, जबकि लखनऊ को लगातार पांचवीं हार का सामना करना पड़ा।
