Connect with us

गोरखपुर

“सृजनात्मकता, कल्पनाशीलता और संवेदना विकसित कर ही पूर्ण मनुष्य बना जा सकता है” : कुलपति प्रो. पूनम टंडन

Published

on

Loading...
Loading...

गोरखपुर। अंग्रेजी विभाग के इंग्लिश स्टडी सर्किल द्वारा एक भव्य पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत पिछले दो महीनों में स्नातक एवं स्नातकोत्तर स्तर पर कविता पाठ, निबंध लेखन, कहानी लेखन, भाषण कला एवं प्रश्नोत्तरी जैसी पांच विभिन्न प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन किया गया था, जिनमें सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

इन प्रतियोगिताओं का संयोजन विभागाध्यक्ष प्रो. सुनीता मुर्मू एवं कार्यक्रम संयोजक डॉ. अमोद कुमार राय के नेतृत्व में किया गया। प्रत्येक प्रतियोगिता में स्नातक एवं स्नातकोत्तर स्तर पर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त प्रतिभागियों को कुलपति प्रो. पूनम टंडन द्वारा पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।

अपने उद्बोधन में कुलपति प्रो. टंडन ने कहा कि प्रतियोगिताएं छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि छात्र-छात्राएं केवल पाठ्य पुस्तकों तक सीमित न रहकर अपनी अंतर्निहित प्रतिभा, सृजनात्मकता एवं कौशल को पाठ्येतर गतिविधियों के माध्यम से विकसित करें। उन्होंने अंग्रेजी विभाग की सराहना करते हुए कहा कि यहां के छात्र सदैव अपनी प्रतिभा से प्रभावित करते हैं तथा अन्य विभागों को भी ऐसे स्टडी सर्किल्स की स्थापना से प्रेरणा लेनी चाहिए।

कार्यक्रम के प्रारंभ में प्रो. सुनीता मुर्मू ने प्रतियोगिताओं के आयोजन के औचित्य पर प्रकाश डालते हुए कुलपति एवं अन्य अतिथियों का स्वागत किया। धन्यवाद ज्ञापन डॉ. अमोद कुमार राय ने किया। कार्यक्रम का संचालन ज़हरा शमशीर ने किया, जबकि अंजलि, स्मृति, गुंजन एवं जागृति ने आयोजन में सहयोग प्रदान किया।

इस अवसर पर प्रो. हुमा सब्जपोश, प्रो. गौरहरि बेहरा, प्रो. अवनीश राय, डॉ. पंकज सिंह, डॉ. कल्पना दिवाकर, डॉ. बृजेश कुमार एवं डॉ. संजीव विश्वकर्मा सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे। विशेष रूप से, वंशिका बर्नवाल एवं दिव्यांश दुबे ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में सर्वाधिक पुरस्कार प्राप्त कर अपनी उत्कृष्ट प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page