खेल
LSG vs SRH : आखिरी ओवर में पंत का प्रहार, लखनऊ ने हैदराबाद से छीनी जीत
हैदराबाद। आईपीएल (IPL) 2026 के 10वें लीग मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए रोमांचक मैच में लखनऊ ने आखिरी ओवर तक चले मुकाबले में 5 विकेट से जीत दर्ज की। टीम की जीत के नायक कप्तान ऋषभ पंत रहे, जिन्होंने नाबाद 68 रनों की अहम पारी खेली और अंतिम ओवर में शानदार बल्लेबाजी करते हुए मैच फिनिश किया।

पहले बल्लेबाजी करते हुए हैदराबाद की टीम ने 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 156 रन बनाए। शुरुआती झटकों के बाद हेनरिक क्लासेन और नितीश कुमार रेड्डी ने पारी को संभालते हुए 116 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी की। क्लासेन ने 41 गेंदों पर 62 रन बनाए, जबकि रेड्डी ने 33 गेंदों में 56 रनों की पारी खेली। लखनऊ की ओर से मोहम्मद शमी, प्रिंस यादव और आवेश खान ने दो-दो विकेट हासिल किए।

157 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ सुपर जायंट्स की शुरुआत संतुलित रही। पावरप्ले में टीम ने एक विकेट खोकर 53 रन बना लिए थे। मिचेल मार्श और एडेन मार्करम ने टीम को मजबूत शुरुआत दी, हालांकि बीच के ओवरों में लखनऊ को लगातार झटके लगे और मैच रोमांचक हो गया।

कप्तान ऋषभ पंत ने जिम्मेदारी संभालते हुए 50 गेंदों में 68 रन बनाए और अंत तक नाबाद रहे। आखिरी ओवर में लखनऊ को जीत के लिए 9 रन चाहिए थे, जिसे पंत ने पहली दो गेंदों पर चौके लगाकर आसान बना दिया। दो गेंद खाली जाने के बाद उन्होंने पांचवीं गेंद पर चौका जड़कर टीम को 19.5 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 160 रन तक पहुंचाते हुए जीत दिला दी।

इस मुकाबले में गेंदबाजी में शानदार प्रदर्शन के लिए मोहम्मद शमी को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। इस जीत के साथ लखनऊ की टीम को सीजन की पहली सफलता मिली, जबकि हैदराबाद को तीन मैचों में दूसरी हार का सामना करना पड़ा।
