खेल
PBKS vs CSK : पंजाब किंग्स की दमदार जीत, चेन्नई सुपर किंग्स को पांच विकेट से हराया
प्रियांश आर्या की 11 गेंदों में 39 रन की तूफानी पारी ने बदला मैच का रुख
चेन्नई। आईपीएल (IPL) 2026 के सातवें मुकाबले में पंजाब किंग्स ने चेन्नई सुपर किंग्स को 5 विकेट से पराजित करते हुए लगातार दूसरी जीत दर्ज की। चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में पंजाब ने 210 रनों के लक्ष्य को 18.4 ओवर में 5 विकेट खोकर हासिल कर लिया।

टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला करने वाली पंजाब के सामने चेन्नई ने निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 209 रन बनाए। चेन्नई की शुरुआत अच्छी नहीं रही और संजू सैमसन महज 7 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद ऋतुराज गायकवाड़ और आयुष म्हात्रे ने दूसरे विकेट के लिए 96 रनों की साझेदारी कर टीम को संभाला। गायकवाड़ 22 गेंदों में 28 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जबकि आयुष म्हात्रे ने 43 गेंदों में 73 रनों की शानदार पारी खेली।

मध्यक्रम में सरफराज खान ने 12 गेंदों में 32 रन की तेज पारी खेली, जबकि शिवम दुबे ने अंत तक टिकते हुए 27 गेंदों में नाबाद 45 रन बनाकर टीम का स्कोर 200 के पार पहुंचाया। पंजाब की ओर से विजयकुमार वैशाख ने 2 विकेट झटके।

210 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब की शुरुआत बेहद आक्रामक रही। प्रियांश आर्या और प्रभसिमरन सिंह ने पहले विकेट के लिए 4.2 ओवर में 61 रन जोड़े। प्रियांश ने 11 गेंदों में 39 रन की विस्फोटक पारी खेली, जबकि प्रभसिमरन ने 34 गेंदों में 43 रन बनाए। इसके बाद कूपर कोनोली ने 22 गेंदों में 36 रन का योगदान दिया।

कप्तान श्रेयस अय्यर ने एक छोर संभालते हुए 29 गेंदों में 50 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। उनके आउट होने के बाद शशांक सिंह (6 गेंदों में 14 रन) और मार्कस स्टोइनिस (3 गेंदों में 9 रन) नाबाद रहते हुए टीम को जीत दिलाकर लौटे।


चेन्नई की ओर से मैट हेनरी और अंशुल कंबोज ने 2-2 विकेट लिए, लेकिन टीम लक्ष्य का बचाव नहीं कर सकी। इस जीत के साथ पंजाब किंग्स अंक तालिका में शीर्ष स्थान पर पहुंच गई, जबकि चेन्नई सुपर किंग्स को लगातार दूसरी हार का सामना करना पड़ा।
