गाजीपुर
गैस सिलेंडर की आपूर्ति बाधित, सेवराई के उपभोक्ता परेशान
सेवराई (गाजीपुर) जयदेश। सेवराई तहसील क्षेत्र के सेवराई गांव में गैस सिलेंडर की आपूर्ति न होने से उपभोक्ताओं में भारी आक्रोश व्याप्त है। उपभोक्ताओं का कहना है कि बुकिंग कराने के बावजूद उन्हें समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध नहीं हो पा रहा है, जिससे उन्हें काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
गांव के बुजुर्ग, विकलांग, मजदूर और किसान वर्ग के लोग सेवराई पोखरा पर सुबह से ही गैस वाहन का इंतजार करते रहे। स्थानीय लोगों ने जयदेश न्यूज के तहसील अध्यक्ष एवं रिपोर्टर को फोन कर मौके पर बुलाया और बताया कि गैस वाहन के चालक से संपर्क करने पर उसने वाहन लेकर आने की बात कही थी और सभी को पोखरा पर आने को कहा था। हालांकि दोपहर तक वाहन नहीं पहुंचा। बाद में दोबारा संपर्क करने पर चालक ने बताया कि भदौरा सिनेमाघर के पास ही गैस समाप्त हो गई।
इसी दौरान किसान नेता भानु प्रताप सिंह सेवराई उस मार्ग से गुजर रहे थे। भीड़ देखकर रुकने पर ग्रामीणों ने उन्हें पूरी समस्या से अवगत कराया। इस पर किसान नेता ने मामले को लेकर गाजीपुर के एसडीओ से फोन पर वार्ता की, लेकिन बातचीत के दौरान विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई और दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक हुई, जो आगे बढ़कर देख लेने तक की बातों तक पहुंच गई। बावजूद इसके समस्या का समाधान नहीं निकल सका।

उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि उनसे प्रति सिलेंडर पचास रुपये अतिरिक्त वसूले जाते हैं, फिर भी उन्हें गैस उपलब्ध नहीं हो रही है। उनका कहना है कि करीब पंद्रह दिन पहले सिलेंडर की बुकिंग कराने के बाद भी रोज फोन करने पर केवल यह कह दिया जाता है कि गाड़ी आ रही है, जबकि पूरा दिन इंतजार करने के बाद भी सिलेंडर नहीं मिल पाता और अंत में स्टॉक खत्म होने की बात कह दी जाती है।
ग्रामीणों का यह भी कहना है कि जहां दुकानदारों के पास सिलेंडर आसानी से उपलब्ध हो जाता है, वहीं गरीब और जरूरतमंद परिवारों की महिलाएं सड़क पर खड़े होकर घंटों इंतजार करने को मजबूर हैं। उन्होंने बताया कि यह समस्या केवल एक गांव तक सीमित नहीं है, बल्कि आसपास के अन्य गांवों में भी यही स्थिति बनी हुई है।
मौके पर किसान नेता भानु प्रताप सिंह सेवराई, शिवम सिंह, राजगिरी अगरहरी, सुमित्रा गुप्ता, हनुमान यादव, विकास कुमार, हरदेव साह, बालकिशुन पांडेय समेत कई ग्रामीण उपस्थित रहे और सभी ने इस गंभीर समस्या को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की। ग्रामीणों ने जयदेश न्यूज के तहसील प्रभारी मृत्युंजय सिंह के कैमरे के सामने अपनी समस्याएं रखीं।
