गाजीपुर
माले कार्यकर्ताओं ने उठाए क्षेत्रीय मुद्दे, एसडीएम से की कार्रवाई की मांग
गाजीपुर (जयदेश)। सोमवार को भाकपा माले कार्यकर्ताओं ने विभिन्न क्षेत्रीय समस्याओं को लेकर उप-जिलाधिकारी (एसडीएम) से मुलाकात की। उन्होंने एसडीएम को चार सूत्रीय मांग पत्र सौंपा और समस्याओं का समाधान न होने पर सत्याग्रह कर विरोध प्रदर्शन की चेतावनी दी।
ज्ञापन के माध्यम से माले कार्यकर्ताओं ने टड़वा गांव के प्रधान पर आरोप लगाया कि उन्होंने गांव की चकरोड संख्या 258 पर कब्जा कर लिया है। उन्होंने इस चकरोड को मुक्त कराने की मांग की।
सहिचारनपुर गांव में, कार्यकर्ताओं ने प्रेमनाथ प्रजापति की 52 एयर जमीन पर मकान निर्माण में बाधा डालने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। प्रेमनाथ की जमीन पर चारदीवारी होने के बावजूद कुछ लोग उन्हें मकान नहीं बनाने दे रहे हैं।
रजहती गांव में राजस्व विभाग द्वारा तोड़ी गई दीवार का मलबा अभी तक नहीं हटाया गया है, जिससे रास्ता अवरुद्ध है। माले कार्यकर्ताओं ने इसे हटाने की मांग की। इसके अतिरिक्त, औड़िहार रेलवे जंक्शन के पूर्वी छोर स्थित गैबीपुर अंडरपास में महीनों से जमा पानी को निकलवाकर रास्ते को सुचारू करने की भी मांग की गई।
उपरोक्त मांगों के साथ, माले कार्यकर्ताओं ने उप-जिलाधिकारी रामेश्वर सुधाकर को चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं की गई, तो वे सत्याग्रह कर विरोध प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे।
ज्ञापन सौंपने वालों में भाकपा माले के सैदपुर ब्लॉक सचिव नंदकिशोर बिंद, आजाद यादव, सुमित्रा, जोखू प्रसाद, महेंद्र राजभर, प्रेमनाथ प्रजापति, मूलचंद प्रजापति, अमेरिका प्रधान, राजेश कुमार और शिवकुमार कुशवाहा शामिल थे।
