जौनपुर
नशे में धुत पति ने पत्नी को पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट, दहेज हत्या का आरोप
जौनपुर। जनपद के मड़ियाहूं कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत मुकुंदपुर गांव में घरेलू विवाद के दौरान नशे में धुत पति द्वारा पत्नी की पीट-पीटकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में मृतका के पिता ने दहेज उत्पीड़न और हत्या का आरोप लगाते हुए पति सहित ससुराल पक्ष के छह लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बरसठी थाना क्षेत्र के चतुर्भुजपुर गांव निवासी किशन कुमार पटेल के अनुसार उनकी पुत्री सुनीता पटेल का विवाह वर्ष 2017 में शैलेश कुमार पटेल उर्फ शशि के साथ हुआ था। कुछ माह पूर्व शैलेश मुंबई से पत्नी और अपनी पांच वर्षीय पुत्री आंशी को लेकर गांव आ गया था। आरोप है कि विवाह के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा पांच लाख रुपये की अतिरिक्त दहेज मांग को लेकर सुनीता को प्रताड़ित किया जाता था और उसे जान से मारने की धमकी दी जाती थी।

बताया गया कि शनिवार की रात करीब 11 बजे किसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया, जिसके बाद शैलेश कुमार पटेल और उसके परिजनों ने मिलकर सुनीता की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मामले की जानकारी मिलते ही सीओ मड़ियाहूं परमानंद कुशवाहा और कोतवाली प्रभारी दीपेंद्र सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे। तहरीर के आधार पर पुलिस ने पति शैलेश, ससुर तिलकधारी, सास फूलपत्ती, जेठ नवलेश, अखिलेश तथा जेठानी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की छानबीन जारी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना के समय पति नशे की हालत में था और इसी दौरान विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।
