Connect with us

चन्दौली

तालाब की सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाया गया

Published

on

Loading...
Loading...

इलिया (चंदौली)। इलाहाबाद हाईकोर्ट के सख्त रुख के बाद चकिया तहसील क्षेत्र में सरकारी जमीनों पर हुए अवैध कब्जों के खिलाफ प्रशासन सक्रिय हो गया है। हाईकोर्ट के आदेश के अनुपालन में उपजिलाधिकारी चकिया विनय कुमार मिश्रा ने राजस्व विभाग को तालाब की भूमि से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए हैं। तय कार्यक्रम के तहत सुबह 9 बजे से मौके पर राजस्व टीम द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की गई।

बताया जाता है कि मौजा खिलची रजडीहा स्थित तालाब की भूमि पर अवैध कब्जे के मामले को लेकर रामबचन सिंह ने इलाहाबाद हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। याचिका पर सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने प्रशासन को निर्देश दिया कि तालाब की सरकारी भूमि को कब्जामुक्त कराया जाए।

जानकारी के अनुसार चकिया तहसील के मौजा खिलची रजडीहा में आराजी संख्या 138, 144, 160 तथा गाटा संख्या 200 की करीब 5.59 हेक्टेयर तालाब (जलमग्न) खाते की भूमि पर लगभग 58 लोगों द्वारा अवैध कब्जा किए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में तहसीलदार देवेंद्र यादव पहले ही संबंधित कब्जाधारियों के खिलाफ बेदखली का आदेश जारी कर चुके हैं।

प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाने के लिए राजस्व विभाग की टीम गठित की गई है। यह कार्रवाई नायब तहसीलदार आरिफ के नेतृत्व में की जाएगी। टीम में राजस्व निरीक्षक इलिया, राजस्व निरीक्षक सैदूपुर सहित कई लेखपालों को शामिल किया गया है, जो मौके पर पहुंचकर कब्जा हटाने की कार्रवाई करेंगे।

कार्रवाई के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए पर्याप्त पुलिस बल और महिला पुलिस की तैनाती भी की गई है। उधर, अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान मौके पर पर्याप्त पुलिस बल भी तैनात रहा। पुलिस की मौजूदगी में राजस्व टीम ने अतिक्रमण हटवाने का कार्य कराया। इस दौरान इलिया थाना प्रभारी चंदन राय तथा चकिया क्षेत्राधिकारी रघुराज के नेतृत्व में पुलिस बल की निगरानी में अवैध कब्जों को हटवाया गया। प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया और पूरे इलाके में चर्चा का माहौल बना रहा।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page