वाराणसी
विदेश यात्रा से लौटते ही धर्मनगरी पहुंचे मुख्यमंत्री, बाबा विश्वनाथ और काल भैरव का षोडशोपचार पूजन
वाराणसी। जापान और सिंगापुर की आधिकारिक यात्रा से वापस लौटने के बाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री महंत योगी आदित्यनाथ दो दिवसीय प्रवास पर रविवार को काशी पहुंचे। काशी आगमन के साथ ही उन्होंने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में विधिविधान से दर्शन-पूजन कर लोकमंगल और जनकल्याण की कामना की। गर्भगृह में प्रवेश कर मुख्यमंत्री ने बाबा विश्वनाथ का षोडशोपचार विधि से अभिषेक और आरती की। इस दौरान मंदिर परिसर ‘हर-हर महादेव’ के उद्घोष से गूंज उठा। बाहर निकलते समय मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं का अभिवादन भी स्वीकार किया।

मुख्यमंत्री ने अपने दौरे की शुरुआत काशी कोतवाल के रूप में विख्यात काल भैरव मंदिर में दर्शन-आरती से की। मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद उन्होंने परिसर में मौजूद बच्चों को चॉकलेट वितरित की। मंदिर से बाहर निकलते समय आसपास की दुकानों पर बैठे बच्चों से भी उन्होंने संवाद किया। बच्चों ने मुख्यमंत्री को “हैप्पी होली बाबा जी” कहकर शुभकामनाएं दीं, जिस पर वे मुस्कुराते हुए उनके पास पहुंचे और हालचाल जाना। उन्होंने बच्चों से पढ़ाई के बारे में पूछताछ की और उज्ज्वल भविष्य का आशीर्वाद दिया। साथ ही होली की शुभकामनाएं भी दीं।

दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर के बाहर एक लस्सी विक्रेता को दही ढककर रखने की सलाह भी दी। आसपास उपस्थित लोगों ने उन्हें होली की बधाई दी, जिसका उन्होंने आत्मीयता से प्रत्युत्तर दिया। इस प्रकार विदेश यात्रा से लौटने के बाद मुख्यमंत्री का काशी प्रवास धार्मिक अनुष्ठानों और जनसंपर्क के साथ आरंभ हुआ।
