वाराणसी
‘सनातन धर्म का अपमान’ मुद्दे पर गरजे अजय राय, प्रदेशभर में आंदोलन का ऐलान
वाराणसी। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय मंगलवार दोपहर वाराणसी स्थित श्री विद्या मठ पहुंचे, जहां उन्होंने स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना। इस दौरान मठ परिसर में काफी देर तक राजनीतिक हलचल बनी रही। प्रदेश सरकार और विपक्ष के बीच जारी सियासी टकराव के बीच श्री विद्या मठ राजनीतिक चर्चाओं का केंद्र बनता नजर आया।

मुलाकात के दौरान अजय राय ने हालिया घटनाक्रम पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि यह केवल किसी व्यक्ति का नहीं, बल्कि संपूर्ण सनातन धर्म, हिंदू समाज और हिंदुत्व का अपमान है। उन्होंने इसे अक्षम्य कृत्य बताते हुए कहा कि सरकार का यह रवैया किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है और इसे क्षमा नहीं किया जा सकता।
इस अवसर पर अजय राय ने आरोप लगाने वाले आशुतोष ब्रह्मचारी के साथ एसीपी द्वारा केक काटते हुए एक फोटो भी प्रस्तुत की। उन्होंने इस तस्वीर को सुनियोजित षड्यंत्र करार देते हुए कहा कि यह पूरा मामला पूर्व नियोजित साजिश का हिस्सा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे इस विषय को गंभीरता से ले रहे हैं और इसे राजनीतिक साजिश के रूप में देख रहे हैं।

अजय राय ने कहा कि ऐसे कृत्य न केवल धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाते हैं, बल्कि समाज में अस्थिरता भी पैदा करते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि इससे समाज में विभाजन की भावना बढ़ती है, जो किसी भी लोकतांत्रिक देश के लिए उचित नहीं है। उन्होंने लोगों से एकजुट होकर इस प्रकार की घटनाओं का विरोध करने की अपील की।
मुलाकात के दौरान स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने भी अपनी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि धार्मिक भावनाओं का सम्मान होना चाहिए। अजय राय ने इस मौके पर कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से धर्मनिरपेक्षता और सभी धर्मों के प्रति सम्मान की पक्षधर रही है।

इसी क्रम में बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश के चेयरमैन अरुण कुमार त्रिपाठी भी दोपहर में स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद से मिलने पहुंचे। उनके साथ बनारस बार काउंसिल के सदस्य मंगला तिवारी, आशीष, शक्ति कुमार तिवारी, पूर्व उपाध्यक्ष रत्नाकर, महताब आलम सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
अजय राय ने कहा कि बुधवार को प्रदेश के सभी 75 जिलों में कांग्रेस कार्यकर्ता संतों और ब्राह्मणों के उत्पीड़न के विरोध में प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपेंगे। उन्होंने कहा कि शंकराचार्य के उत्पीड़न के खिलाफ कांग्रेस बड़ा आंदोलन खड़ा करेगी। उन्होंने पूरे मामले को फर्जी बताते हुए कहा कि यदि उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक को वास्तव में बटुकों के अपमान का दुख है तो उन्हें इस्तीफा देकर सड़क पर उतरना चाहिए, न कि केवल दिखावा करना चाहिए।
