Connect with us

वायरल

ग्राम प्रधान–वीडीओ पर गबन का आरोप, बिना निर्माण कराए निकाला भुगतान

Published

on

Loading...
Loading...

ग्राम प्रधान–वीडीओ की मिलीभगत उजागर, आठ बिंदुओं पर सरकारी धन का दुरुपयोग

बस्ती। जनपद के साउघाट विकास खंड अंतर्गत ग्राम पंचायत विल्लौर में विकास कार्यों के नाम पर सरकारी धन के दुरुपयोग का मामला सामने आया है। ग्राम पंचायत की महिला प्रधान इशरावती देवी और ग्राम विकास अधिकारी अशोक कुमार पर आरोप है कि उन्होंने आपसी मिलीभगत से बिना किसी निर्माण कार्य को कराए ही नियमों को दरकिनार करते हुए 93,916 रुपये का भुगतान करा लिया।

जानकारी के अनुसार, विल्लौर ग्राम पंचायत में विकास कार्यों के लिए आवंटित बजट को लेकर उच्चाधिकारियों को शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत के आधार पर जब विभागीय स्तर पर जांच कराई गई तो चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। जांच में यह स्पष्ट हुआ कि अभिलेखों में जिन निर्माण कार्यों को पूर्ण दिखाया गया था, वे धरातल पर कहीं अस्तित्व में नहीं थे। इसके बावजूद भुगतान की प्रक्रिया पूरी कर ली गई।

बताया जा रहा है कि महिला ग्राम प्रधान और संबंधित ग्राम विकास अधिकारी ने साठगांठ कर आठ अलग-अलग बिंदुओं पर दर्शाए गए ग्राम विकास कार्यों की धनराशि को मनमाने तरीके से हड़प लिया और सरकारी खजाने से कुल 93,916 रुपये की रकम आहरित कर ली। वित्तीय नियमों को नजरअंदाज कर किए गए इस भुगतान ने विभागीय कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

मामले की पुष्टि होने के बाद सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) साउघाट सुबाष चन्द्र की तहरीर पर पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ धोखाधड़ी और गबन की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विवेचना शुरू कर दी है।

Advertisement

मुंडेरवा थाना प्रभारी एसओ प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि विल्लौर ग्राम पंचायत में बिना कार्य कराए भुगतान का मामला एडीओ पंचायत साउघाट की तहरीर पर दर्ज किया गया है। इस प्रकरण की जांच की जिम्मेदारी एसआई राकेश कुमार त्रिपाठी को सौंपी गई है, जो प्रत्येक बिंदु पर विस्तृत जांच-पड़ताल कर रहे हैं।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page