Connect with us

मिर्ज़ापुर

जलशक्ति मंत्री ने किया लखनपुर नलकूप का औचक निरीक्षण, किसानों से हुये रूबरु

Published

on

मिर्जापुर | प्रदेश के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह शनिवार को मिर्जापुर से प्रयागराज जाते समय चील-गोपीगंज मार्ग स्थित ग्राम लखनपुर पहुंचे, जहां उन्होंने राजकीय नलकूप संख्या 59 MG का औचक निरीक्षण किया। लगभग 30 से 35 हेक्टेयर क्षेत्र की सिंचाई क्षमता वाले इस नलकूप की कार्यप्रणाली की उन्होंने गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने किसानों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने।

मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नलकूप की नियमित मरम्मत व संचालन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि किसानों को निर्बाध सिंचाई सुविधा मिलती रहे। इसके साथ ही उन्होंने ग्राम लखनपुर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। उन्होंने कहा, “जल और हरियाली का अटूट संबंध है। वृक्षारोपण से न सिर्फ पर्यावरण संतुलित रहता है, बल्कि भूजल स्तर भी स्थिर रहता है।”

निरीक्षण के क्रम में मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने जल जीवन मिशन, हर घर नल योजना, अमृत सरोवर तथा नहर प्रणालियों जैसी विभिन्न जल प्रबंधन योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार की प्राथमिकता पारदर्शिता और समयबद्ध क्रियान्वयन है, जिससे अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुँचे।

Advertisement

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में जल संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है और राज्य का हर किसान सिंचाई से वंचित न रहे, यही सरकार का संकल्प है।

यात्रा के दौरान मंत्री ने विंध्याचल पहुंच कर मां विंध्यवासिनी देवी के दर्शन पूजन किए। उन्होंने अष्टभुजा स्थित गोकुल धाम मंदिर में भी विधिपूर्वक पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर नगर विधायक रत्नाकर मिश्र, मड़िहान विधायक रमाशंकर सिंह पटेल, जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन, नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर केशरी एवं सिंचाई विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page