Connect with us

गाजीपुर

रेणमार में ग्राम चौपाल आयोजित, मौके पर सुनी गईं ग्रामीणों की समस्याएं

Published

on

Loading...
Loading...

महिला स्वयं सहायता समूह गठन पर जोर, पेंशन और शौचालय संबंधी शिकायतों के समाधान के दिए गए निर्देश

भांवरकोल (गाजीपुर)।शासन की मंशा के अनुरूप ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी घर-घर तक पहुंचाने के उद्देश्य से भांवरकोल विकासखंड की रेणमार ग्राम पंचायत में शुक्रवार को ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। सुबह 10 बजे आयोजित चौपाल की अध्यक्षता ग्राम प्रधान माला देवी ने की।

महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का दिया संदेश

चौपाल के दौरान ग्राम पंचायत अधिकारी (सचिव) पंकज त्रिपाठी ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से महिला स्वयं सहायता समूह से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने ग्रामीणों को प्रधानमंत्री आवास योजना, वृद्धावस्था पेंशन सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्रता एवं आवेदन प्रक्रिया भी समझाई।

पेंशन और शौचालय की शिकायतों पर मिला समाधान

चौपाल में ग्राम निवासी शिव कुमार ने पिछले तीन माह से वृद्धावस्था पेंशन न मिलने की शिकायत दर्ज कराई। जांच में पता चला कि उनकी केवाईसी नहीं हुई है, जिस पर सचिव ने तत्काल केवाईसी कराने के निर्देश दिए, ताकि पेंशन का भुगतान नियमित रूप से हो सके।

वहीं ग्रामीण प्रमोद कुमार ने शौचालय निर्माण न होने की समस्या उठाई। इस पर सचिव ने उन्हें ऑनलाइन आवेदन करने की सलाह देते हुए आश्वस्त किया कि बजट उपलब्ध होने पर पात्रता के अनुसार शौचालय निर्माण हेतु अनुदान उपलब्ध कराया जाएगा।

Advertisement

कई समस्याओं का मौके पर हुआ निस्तारण

चौपाल में ग्रामीणों की व्यक्तिगत एवं सार्वजनिक समस्याओं को गंभीरता से सुना गया। कई शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि शेष मामलों के शीघ्र निस्तारण का अधिकारियों ने भरोसा दिलाया।

कार्यक्रम में ग्राम प्रधान माला देवी, ग्राम पंचायत अधिकारी पंकज त्रिपाठी, पंचायत सहायक दीपक खरवार, रिंकी कुमारी सहित ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page