गाजीपुर
मिशन शक्ति फेज-5.0: गाजीपुर पुलिस ने चलाया जागरूकता अभियान
बाजारों और संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल गश्त, एंटी रोमियो टीम ने मनचलों पर कसा शिकंजा
गाजीपुर।महिला सशक्तिकरण और महिलाओं व बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश पर चलाए जा रहे मिशन शक्ति फेज-5.0 अभियान के तहत गाजीपुर पुलिस ने जनपद में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया।
अभियान के अंतर्गत जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस बल ने प्रमुख बाजारों, संवेदनशील स्थानों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पैदल गश्त कर आमजन को महिला सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। पुलिस टीमों ने लोगों को मिशन शक्ति अभियान के उद्देश्यों और महिलाओं की सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी दी।
इसके साथ ही सभी थाना क्षेत्रों में गठित एंटी रोमियो टीमों द्वारा संवेदनशील स्थानों पर भ्रमण एवं चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों पर नजर रखी गई और शोहदों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की गई।
गाजीपुर पुलिस ने बताया कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना तथा उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करना है। पुलिस द्वारा आगे भी ऐसे अभियान लगातार जारी रखे जाएंगे।
