गाजीपुर
तथ्य छिपाकर तबादला कराने का आरोप, शिक्षक को कारण बताओ नोटिस
तीन दिन में मांगा गया स्पष्टीकरण, संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर विभागीय कार्रवाई की चेतावनी
गाजीपुर (भांवरकोल)। भांवरकोल विकासखंड में तैनात एक सहायक अध्यापक पर कथित रूप से तथ्य छिपाकर अंतर्जनपदीय स्थानांतरण कराने का आरोप लगा है। मामले को गंभीर मानते हुए शिक्षा विभाग ने संबंधित शिक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन कार्य दिवस के भीतर साक्ष्यों सहित स्पष्टीकरण मांगा है। नोटिस जारी होने के बाद शिक्षा विभाग में चर्चा का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, प्राथमिक विद्यालय वीरपुर प्रथम में तैनात सहायक अध्यापक सुशील कुमार (मानव संपदा कोड-20100) का वर्ष 2021 में लखीमपुर खीरी से गाजीपुर में अंतर्जनपदीय स्थानांतरण हुआ था।
विभागीय जांच में सामने आया कि शिक्षक की पत्नी नीरज राय भांवरकोल ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय मुसरदेवा में शिक्षामित्र के पद पर कार्यरत हैं। विभाग का कहना है कि अंतर्जनपदीय स्थानांतरण की नियमावली के अनुसार पति-पत्नी दोनों का नियमित शिक्षक होना आवश्यक है, जबकि शिक्षामित्र को नियमित शिक्षक की श्रेणी में नहीं माना जाता और इस आधार पर स्थानांतरण का लाभ दिए जाने का प्रावधान नहीं है।
आरोप है कि शिक्षक ने इस तथ्य को छिपाकर स्थानांतरण का लाभ प्राप्त किया। इसे कर्मचारी आचरण नियमावली का उल्लंघन मानते हुए विभाग ने स्पष्टीकरण मांगा है।
खंड शिक्षा अधिकारी रवीन्द्र सिंह ने बताया कि संबंधित शिक्षक को नोटिस जारी कर तीन दिन के भीतर लिखित जवाब और साक्ष्य प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। यदि निर्धारित समय में संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं मिलता है, तो नियमानुसार विभागीय एवं विधिक कार्रवाई की जाएगी।
