अपराध
लोनी अर्बन सोसायटी पर 48 लाख की हेराफेरी का आरोप
वाराणसी। जिले के पिंडरा बाजार स्थित द लोनी अर्बन क्रेडिट एंड विफ्ट कोऑपरेटिव सोसायटी के ब्रांच मैनेजर अजीत कुमार श्रीवास्तव पर गरीब जनता को धोखा देने और करोड़ों रुपए की हेराफेरी का गंभीर आरोप लगा है।
सोसायटी, जो कृषि मंत्रालय भारत सरकार द्वारा पंजीकृत (रजिस्ट्रेशन नंबर: MSCS/CR/639/2012) है निवेशकों को उच्च ब्याज दर का प्रलोभन देकर भारी संख्या में धन एकत्रित किया। अब निवेशकों का आरोप है कि अजीत कुमार श्रीवास्तव ने 48 लाख रुपए की राशि दबा ली है और फोन पर संपर्क करना भी बंद कर दिया है।
धोखाधड़ी से परेशान निवेशकों ने स्थानीय पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है और ब्रांच मैनेजर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अन्य राज्यों में भी फर्जीवाड़े के मामले
यह पहली बार नहीं है जब सहकारी समितियों में धोखाधड़ी का मामला सामने आया हो। हाल ही में उत्तराखंड पुलिस ने एक अंतरराज्यीय फर्जी कोऑपरेटिव सोसायटी का भंडाफोड़ किया था, जिसमें 189 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी उजागर हुई थी।
