गाजीपुर
20 पैकेट अवैध देशी शराब के साथ युवक गिरफ्तार
दुल्लहपुर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर की कार्रवाई
दुल्लहपुर, गाजीपुर। दुल्लहपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने गश्त के दौरान मुखबिर की सूचना पर 20 पैकेट अवैध देशी शराब के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया। पकड़े गए युवक की पहचान नायकडीह निवासी उस्मान के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की है।
थानाध्यक्ष दीपक कुमार के अनुसार, बहलोलपुर चौकी प्रभारी सर्वजीत यादव नायकडीह बाजार में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति झोले में अवैध देशी शराब लेकर रामपुर पतारी के नवपुरवा के पास बिक्री के लिए खड़ा है। सूचना पर चौकी प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और संदिग्ध युवक से पूछताछ करते हुए उसके झोले की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान झोले से बंटी-बबली ब्रांड की 20 पैकेट देशी शराब बरामद हुई। पुलिस ने बरामद शराब में से पांच पैकेट नमूने के लिए अलग रखे और शेष शराब को सील कर दिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने अपनी गलती स्वीकार की। आवश्यक कार्रवाई करते हुए उसके परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई।
