चन्दौली
सकलडीहा सीएचसी पर वायरल बीमारी से परेशान मरीजों की उमड़ी भीड़, ओपीडी में लंबी कतार
सकलडीहा (चन्दौली)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर मंगलवार को वायरल बीमारियों को लेकर मरीजों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। ओपीडी के बाहर लंबी कतारें लगी रहीं और लोग अपनी बारी का इंतजार करते दिखे। पहले जहां रोज 150 से 200 मरीज आते थे, अब संख्या बढ़कर 300 से 400 हो गई है।
चिकित्सकों ने बताया कि वायरल फीवर, डेंगू, मलेरिया, सर्दी-खांसी और जुकाम के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ी है। यह मौसमी बीमारियों का प्रकोप है।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. बी.के. प्रसाद ने बताया कि इस समय डेंगू, मलेरिया, मौसमी बुखार, प्लेटलेट्स में कमी, शरीर में दर्द और जुकाम से पीड़ित लोग आ रहे हैं। यह वायरल बुखार संक्रमण के कारण फैल रहा है।
बचाव के लिए उन्होंने सलाह दी कि सोते समय मच्छरदानी का प्रयोग करें, साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें, खुले में शौच न करें, मीट-मांस के सेवन से बचें, उबले हुए गर्म पानी का इस्तेमाल करें और आसपास जलजमाव न होने दें। किसी भी स्वास्थ्य समस्या पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें।
अस्पताल के पंजीकरण काउंटर और महिला चिकित्सक कक्ष में भी भारी भीड़ देखी गई। इस दौरान डॉ. एल.बी. शर्मा, डॉ. पूजा सिंह, डॉ. संजीव जायसवाल, क्षितिज सहित कई चिकित्सक मरीजों को देख रहे थे।
