चन्दौली
नवजात की मौत पर बद्रीनाथ अस्पताल के खिलाफ शिकायत, जांच के आदेश
रिपोर्ट : अवधेश कुमार द्विवेदी
चकिया (चंदौली)। चकिया स्थित बद्रीनाथ अस्पताल में इलाज के बाद वाराणसी में नवजात की मौत का मामला सामने आया है। घटना से आक्रोशित परिजनों ने तहसील दिवस में एसडीएम को प्रार्थना पत्र देकर अस्पताल प्रशासन और चिकित्सक पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की।
परिजनों का आरोप है कि प्रसव के बाद उन्हें नवजात को देखने तक की अनुमति नहीं दी गई और उसकी गंभीर हालत की जानकारी भी नहीं दी गई। हालत बिगड़ने पर बच्चे को वाराणसी रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों ने अस्पताल पर इलाज के नाम पर आर्थिक शोषण का भी आरोप लगाया है।
नवजात की मौत के बाद परिजन शव लेकर तहसील परिसर पहुंचे और मामले में एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की। एसडीएम ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जांच में आरोप सही पाए जाने पर संबंधित अस्पताल और चिकित्सकों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
