Connect with us

गाजीपुर

‘लंदन सिटी’ मेले की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल, हादसे की आशंका

Published

on

Loading...
Loading...

व्यस्त मार्ग के किनारे आयोजन, झूलों की एनओसी और फायर सेफ्टी को लेकर मांगी गई जांच

मोहम्मदाबाद (गाजीपुर)। नगर के वकीलबाड़ी रोड के समीप आयोजित ‘लंदन सिटी’ प्रदर्शनी मेला लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है, लेकिन मेले की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्थानीय नागरिकों ने चिंता जतानी शुरू कर दी है। लोगों का कहना है कि यदि आयोजन स्थल पर किसी तरह की अप्रिय घटना होती है तो उसकी जिम्मेदारी तय होना जरूरी है।

स्थानीय लोगों के अनुसार जिस स्थान पर मेला लगाया गया है, वह गाजीपुर-बलिया मुख्य मार्ग के किनारे स्थित है, जहां दिनभर ट्रक, डंपर और अन्य भारी वाहनों का आवागमन रहता है। वहीं शाम के समय मेले में बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और बच्चे पहुंच रहे हैं, जिससे सड़क किनारे भीड़ बढ़ जाती है और कई बार जाम जैसी स्थिति बन जाती है।

नागरिकों का कहना है कि यदि कोई वाहन अनियंत्रित होकर भीड़ में घुस जाए या कोई आपात स्थिति उत्पन्न हो जाए तो बड़ा हादसा हो सकता है। सीमित स्थान में अधिक भीड़ होने से भगदड़ की स्थिति बनने की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता।

झूलों की अनुमति और अग्नि सुरक्षा को लेकर उठे सवाल

लोगों के बीच मेले में लगाए गए बड़े झूलों की आवश्यक अनुमति और अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) को लेकर भी चर्चा है। हालांकि इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। इसी तरह फायर सेफ्टी व्यवस्था को लेकर भी नागरिकों ने सवाल उठाए हैं।

Advertisement

स्थानीय लोगों का कहना है कि आग जैसी आपात स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त अग्निशमन उपकरण, रेत (बालू) और अन्य सुरक्षा संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित होनी चाहिए।

निष्पक्ष जांच की मांग

नगरवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि मेले में सुरक्षा मानकों, फायर सेफ्टी व्यवस्था, झूलों की तकनीकी जांच, यातायात व्यवस्था और सभी आवश्यक अनुमतियों की निष्पक्ष जांच कराई जाए।

लोगों का कहना है कि यदि सभी सुरक्षा मानक पूरे हैं तो प्रशासन और आयोजकों की ओर से इसकी जानकारी सार्वजनिक की जानी चाहिए, ताकि लोगों में विश्वास बना रहे। वहीं यदि कहीं कोई कमी है तो उसे तत्काल दूर कराया जाए, जिससे मनोरंजन का यह आयोजन किसी संभावित हादसे का कारण न बने।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page