गाजीपुर
धान रोपाई पर मंडराया सिंचाई संकट, रोस्टर व्यवस्था खत्म करने की उठी मांग
भाजपा किसान मोर्चा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन, जमानियां पंप कैनाल पूरी क्षमता से चलाने की मांग
जमानियां (गाजीपुर)।धान की रोपाई के महत्वपूर्ण समय में सिंचाई के पानी की कमी को लेकर किसानों की चिंता बढ़ गई है। इस समस्या को लेकर भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष अरविन्द कुमार सिंह ने शुक्रवार को उपजिलाधिकारी सुश्री निधि को ज्ञापन सौंपकर जमानियां पंप कैनाल को पूरी क्षमता से संचालित करने तथा दिलदारनगर और देवैथा राजवाहा में लागू रोस्टर व्यवस्था तत्काल समाप्त करने की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया है कि वर्तमान में दिलदारनगर एवं देवैथा राजवाहा के माइनरों में एक-एक सप्ताह के अंतराल पर रोस्टर के अनुसार पानी छोड़ा जा रहा है। इससे नहर के शुरुआती हिस्से के किसानों को तो सिंचाई का लाभ मिल रहा है, लेकिन मध्य और टेल क्षेत्र के खेतों तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है। इसके चलते धान की रोपाई का कार्य गंभीर रूप से प्रभावित हो रहा है।
अरविन्द कुमार सिंह ने आरोप लगाया कि जमानियां पंप कैनाल के सभी पंप पूरी क्षमता से संचालित नहीं किए जा रहे हैं, जिससे नहरों में पर्याप्त पानी नहीं पहुंच रहा है। इसका असर देवैथा, करमहरी, रोहूणा, तियरी, देवढ़ी, दाउदपुर, धुस्का और रामनरायनपुर सहित कई गांवों के किसानों पर पड़ रहा है, जहां अब तक धान की रोपाई शुरू नहीं हो सकी है।
उन्होंने किसानों के हित में रोस्टर व्यवस्था समाप्त कर नहरों में लगातार पानी उपलब्ध कराने तथा पंप कैनाल को पूर्ण क्षमता से संचालित करने की मांग की, ताकि किसान समय पर धान की रोपाई कर सकें।
ज्ञापन प्राप्त करने के बाद उपजिलाधिकारी सुश्री निधि ने मामले का परीक्षण कर आवश्यक एवं उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
