बलिया
बच्ची की पिटाई का विरोध करने पर बड़े भाई से मारपीट, मुकदमा दर्ज
रेवती थाना क्षेत्र के दलछपरा गांव की घटना, पुलिस ने आरोपी के खिलाफ शुरू की कार्रवाई
पांच वर्षीय भतीजी को पीटने का कारण पूछने पर हुआ विवाद
बैरिया (बलिया)। रेवती थाना क्षेत्र के दलछपरा गांव में पांच वर्षीय बच्ची की पिटाई का विरोध करने पर दो सगे भाइयों के बीच मारपीट हो गई। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम राजकुमार साहनी की पांच वर्षीय बेटी को उनके छोटे भाई पिंटू साहनी ने किसी बात को लेकर कथित रूप से पीट दिया, जिससे बच्ची घायल हो गई। जब राजकुमार घर पहुंचे और बेटी की पिटाई का कारण पूछा, तो दोनों भाइयों के बीच विवाद हो गया।
आरोप है कि इस दौरान पिंटू साहनी ने गाली-गलौज करते हुए राजकुमार साहनी के साथ मारपीट की, जिससे वह घायल हो गए।
मंगलवार को पीड़ित राजकुमार साहनी ने रेवती थाने में लिखित तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।
