बलिया
लालगंज–सिकंदरपुर मार्ग पर गहरे गड्ढों से बढ़ा हादसों का खतरा
काजीपुर चट्टी से सिसोटार तक जर्जर सड़क से राहगीर परेशान, ग्रामीणों में आक्रोश
मरम्मत नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी, जनहानि होने पर विभाग को ठहराया जाएगा जिम्मेदार
सिकंदरपुर (बलिया)। लालगंज से सिकंदरपुर को जोड़ने वाले प्रमुख मार्ग की बदहाल स्थिति राहगीरों के लिए गंभीर परेशानी का कारण बन गई है। काजीपुर चट्टी से सिसोटार गांव तक सड़क पर बने गहरे गड्ढों के कारण आए दिन दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। क्षेत्र के प्रमुख संपर्क मार्ग होने के बावजूद अब तक इसकी मरम्मत नहीं कराए जाने से स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग से प्रतिदिन सैकड़ों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं, लेकिन सड़क के बीच बने गहरे गड्ढों के कारण वाहन चालकों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। बरसात के दिनों में गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे हादसों की संभावना और बढ़ जाती है।
स्थानीय निवासी निरंजन राय, राकेश राय, बंटी राय और जितेंद्र कुमार ने आरोप लगाया कि इसी मार्ग से जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी भी गुजरते हैं, लेकिन सड़क की बदहाली की ओर किसी का ध्यान नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई और किसी प्रकार की जनहानि हुई तो इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।
ग्रामीणों ने प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से जनहित में तत्काल सड़क को गड्ढामुक्त कर सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने की मांग की है।
