आजमगढ़
अग्निपथ योजना भर्ती नोटिफिकेशन, पंजीकरण शुरू
आजमगढ़। विंग कमाण्डर श्री ए गुणशेकर ने जानकारी दी है कि उत्तर प्रदेश में वायुसेना की अग्निपथ योजना के तहत अग्निवीर वायु (महिला एवं पुरुष) की भर्ती के लिए यह चयन केन्द्र एकमात्र अधिकृत केन्द्र है। हमारा मुख्य उद्देश्य प्रदेश के युवाओं को हर साल बड़ी संख्या में वायुसेना में भर्ती के लिए प्रेरित करना और भर्ती प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न करना है। भर्ती प्रक्रिया तीन चरणों में होती है जिसमें पहले चरण में अभ्यर्थियों के लिए प्रदेश भर के विभिन्न परीक्षा केन्द्रों पर ऑनलाइन लिखित परीक्षा आयोजित की जाती है।
दूसरे चरण में अभ्यर्थियों का शारीरिक और अनुकूलता परीक्षण इस केन्द्र पर किया जाता है। तीसरे चरण में सफल अभ्यर्थियों को चिकित्सा परीक्षण के लिए निर्धारित चयन केन्द्र में जाना होता है, जो भारतीय वायुसेना की चिकित्सा टीम द्वारा वायु सेना के चिकित्सा मानकों के अनुसार किया जाता है। तीसरे चरण में सफल होने के बाद उम्मीदवारों को अग्निवीरवायु के रूप में भारतीय वायुसेना में शामिल किया जाता है और फिर उन्हें प्रशिक्षण हेतु संबंधित केन्द्र भेजा जाता है।
रक्षा मंत्रालय, भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के तहत इस चयन केन्द्र की जिम्मेदारी अग्निपथ योजना का प्रचार-प्रसार करना और युवाओं को इस योजना के प्रति जागरूक करना है।
आपको सूचित किया जाता है कि अग्निवीरवायु इनटेक 01/2026 (महिला एवं पुरुष दोनों) की भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया गया है और इसके लिए ऑनलाइन पंजीकरण 07 जनवरी 2025 से 27 जनवरी 2025 तक होगा। पंजीकरण और अधिसूचना के लिंक https://agnipathvayu.cdac.in पर उपलब्ध हैं। इस भर्ती में वे उम्मीदवार योग्य होंगे जिनका जन्म 01 जनवरी 2005 और 01 जुलाई 2008 के बीच हुआ है। भर्ती की प्रथम चरण की ऑनलाइन परीक्षा 22 मार्च 2025 से आयोजित की जाएगी।
