अपराध
बरात में डीजे पर डांस को लेकर विवाद-मारपीट, तीन घायल
विवाद की शुरुआत कैसे हुई ?
जौनपुर। जिले के केराकत कोतवाली क्षेत्र के सोहनी गांव में मंगलवार रात बरात में डीजे पर डांस को लेकर बराती और घराती आमने-सामने आ गए। बात इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्षों में जमकर मारपीट और पथराव हुआ, जिसमें तीन लोग घायल हो गए। गुस्साए लोगों ने दो वाहनों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। स्थिति बिगड़ने पर कई लोगों ने खेतों में छिपकर अपनी जान बचाई।
विवाद की शुरुआत कैसे हुई?
सोहनी गांव निवासी सुरेंद्र मौर्य की बेटी की शादी के लिए बरात रामेश्वर, वाराणसी से आई थी। रात करीब 10 बजे जनवासे से बरात डीजे के साथ दरवाजे पर पहुंची। डीजे पर बराती और घराती दोनों ही डांस करने लगे। इसी दौरान किसी ने डांस कर रहे युवकों पर पत्थर फेंक दिया, जिससे विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों में मारपीट और पथराव होने लगा।
बवाल की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया। कोतवाल अवनीश राय ने बताया कि विवाद के बावजूद शादी की रस्में पूरी कराई गईं और दुल्हन की विदाई भी कर दी गई।
पुलिस ने बताया कि अभी तक किसी भी पक्ष से तहरीर नहीं मिली है। यदि तहरीर मिलती है तो मामले में मुकदमा दर्ज किया जाएगा। घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है।
