चन्दौली
“सार्वभौमिक सत्य की खोज ही विज्ञान है” : डॉ. टी.पी. यादव
चहनियां (चंदौली)। पीएम श्रीजवाहर नवोदय विद्यालय बैराठ, चंदौली में मंगलवार को पीएम श्री स्कीम के राष्ट्रीय अविष्कार अभियान के तहत एक महत्वपूर्ण कार्यशाला आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में एसोसिएट प्रोफेसर, इलाहाबाद विश्वविद्यालय प्रयागराज डॉ. ठाकुर प्रसाद यादव ने ग्लोबल वार्मिंग और क्लाइमेट चेंज में पार्टिकल की भूमिका पर अपने विचार साझा किये ।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्राचार्य संजय कुमार मिश्र और उप प्राचार्य शुभेंदु भट्टाचार्य द्वारा मुख्य अतिथि का स्वागत बुके देकर किया गया । मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण, दीप प्रज्ज्वलन और विद्यार्थियों द्वारा स्वागत गीत के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। स्वागत उद्बोधन में प्राचार्य संजय कुमार मिश्र ने डॉ. यादव की उपस्थिति को विद्यालय के लिए एक सम्मान और गर्व का विषय बताया।
उप प्राचार्य शुभेंदु भट्टाचार्य ने मुख्य अतिथि का परिचय देते हुए बताया कि डॉ. यादव ने न केवल भारत में बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी विज्ञान के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। मुख्य अतिथि डॉ. ठाकुर प्रसाद यादव ने सम्बोधित करते हुए ग्लोबल वार्मिंग और क्लाइमेट चेंज के विषय पर कहा कि कैसे बढ़ती हुई तापमान और पर्यावरणीय बदलाव हमारे जीवन को प्रभावित कर रहे हैं। सार्वभौमिक सत्य की खोज ही विज्ञान है।
चीन के विद्वानों के साथ अपने कार्यों के अनुभव को साझा करते हुए कहा कि भारतीय लोग चीन के लोगों की तुलना में बहुत ही ज्यादा परिश्रमी होते हैं, लेकिन हमारी सोच शोध आधारित नहीं होती है जबकि हम मानसिक रूप से चीन से कहीं ज्यादा मजबूत हैं। हम लोग स्वतंत्र चिंतन के बजाय अनुशरण करना ज्यादा पसंद करते हैं।
विभिन्न वैज्ञानिक खोजों, केप्लर और रॉबर्ट हुक की खोजों के व्यवहारिक पहलुओं, मटेरियल साइंस में हो रहे नवाचारों पर चर्चा की। उन्होंने कैसे कोयला और हीरे के बीच केवल एटम के पोजीशन का फर्क है, और ग्रेफिन जैसी नई सामग्री के शोध से दुनिया में उत्सुकता बढ़ रही है। बताया कि कैसे स्टील के निर्माण में आयरन के मैग्नेटिक गुण को खत्म करके उसे मजबूत और उपयोगी बनाया गया। प्रदूषण के कारण भारत और दुनिया भर में हो रहे नुकसानों पर चिंता व्यक्त की और आगामी पीढ़ी को इन क्षेत्रों में शोध करने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने हाइड्रोजन एनर्जी के महत्व पर भी प्रकाश डाला और हाइड्रोजन हाउस की उपयोगिता पर विस्तृत चर्चा की। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने डॉ. यादव से अपने सवाल किए, जिनका उन्होंने संतोषजनक उत्तर दिया।
इस दौरान एस के राय, रश्मि कुमारी,पल्लवी राय, आर के सिंह,एम एल पटेल,महेश तिवारी,अर्चना यादव आदि उपस्थित रहे । संचालन चिन्मय मिश्र ने किया।