सियासत
पिता को झटका देते हुए बेटे ने ज्वाइन की कांग्रेस, प्रियंका गांधी ने किया स्वागत
लखनऊ। लोकसभा चुनाव के बीच पूर्व मंत्री और राष्ट्रीय शोषित समाज पार्टी के अध्यक्ष स्वामी प्रसाद मौर्य को एक बड़ा झटका लगा है। शुक्रवार देर रात उनके बेटे उत्कृष्ट मौर्य ने कांग्रेस ज्वाइन कर ली। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कांग्रेस की सदस्यता दिलाते हुए उनका स्वागत किया। उत्कृष्ट मौर्य ने लोकसभा चुनाव में कांग्रेस का समर्थन देने का ऐलान किया। मौर्या के कांग्रेस में शामिल होने से राहुल गांधी के चुनाव में मदद मिलने की संभावना है। क्योंकि मौर्या समाज का रुझान कांग्रेस की तरफ हो सकता है। मौर्य वोट कांग्रेस में डायवर्ट करने की तैयारी चल रही है।
बता दें कि, स्वामी प्रसाद मौर्य के पुत्र उत्कृष्ट मौर्य ने पहले कुशीनगर सीट से लोकसभा चुनाव के लिए निर्दलीय नामांकन किया था, लेकिन बाद में उन्होंने अपना नामांकन वापस ले लिया। स्वामी प्रसाद मौर्य अपने बेटे को राजनीति में स्थापित करना चाहते थे और उसे दो बार बीएसपी से ऊंचाहार विधानसभा सीट से चुनाव लड़ाया था, जिसमें उत्कृष्ट को हार का सामना करना पड़ा था। 2022 के विधानसभा चुनाव के समय स्वामी प्रसाद मौर्य ने तीसरी बार सपा के टिकट पर अपने बेटे को ऊंचाहार से चुनाव लड़ाने की कोशिश की, लेकिन सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उन्हें टिकट नहीं दिया और अपने करीबी मनोज पांडेय को मैदान में उतारा है।
अब मनोज पांडेय के भाजपा में शामिल होने के बाद, प्रियंका गांधी ने रायबरेली लोकसभा क्षेत्र के तहत ऊंचाहार से उत्कृष्ट को कांग्रेस में शामिल कराया है। मौर्या परिवार के साथ आने से कांग्रेस को आगामी चुनावों में फायदा मिलने की उम्मीद है। अब देखना यह होगा क्या वह भी अपने पिता की तरह पार्टी बदलते हैं या कांग्रेस के प्रति समर्पित रहते हैं।
रायबरेली व अमेठी में 20 मई को मतदान होना है। अमेठी सीट पर गांधी परिवार के करीबी और कई दशकों से वहां काम कर रहे किशोरी लाल शर्मा प्रत्याशी हैं। उनके लिए राहुल गांधी ने भी शुक्रवार को प्रचार किया और जनसभा को संबोधित किया था।