अपराध
दहेज लोभियों की भेंट चढ़ी विवाहिता, दो बच्चों के सर से उठा मॉं का साया
वाराणसी। रामनगर थाना अंतर्गत सूजाबाद (पड़ाव) क्षेत्र में मंगलवार को एक 25 साल की विवाहिता ने पारिवारिक कलह और दहेज उत्पीड़न से परेशान होकर फांसी लगा ली। घटना की सूचना मिलते ही सूजाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

घटना की जानकारी होते ही विवाहिता के मायके वाले कैमूर भभुआ, बिहार से रामनगर पहुंचे। बिटिया को इस अवस्था में देखकर मायके वाले बेसुध हो गए। उन सभी का रो-रो कर बुरा हाल हो गया था। मृतका के पिता असलम ने पुलिस को बताया कि मेरी पुत्री सबरोज खातून के ससुराल वाले दहेज को लेकर अक्सर लड़ाई-झगड़ा करते थे। रोज-रोज के झगड़े से तंग आकर मेरी पुत्री ने यह आत्मघाती कदम उठाया है।
जानकारी के अनुसार, कैमूर भभुआ, बिहार निवासी असलम अहमद की पुत्री सबरोज खातून की शादी 6 साल पहले सूजाबाद, रामनगर के रहने वाले महताब से हुई थी। दंपत्ति को 3 साल और एक तीन महीने का बच्चा है। मृतका विवाहिता का पति महताब सऊदी अरब में नौकरी करता है। फिलहाल पुलिस ने इस घटना के बाद मायके पक्ष की ओर से शिकायत मिलने पर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। रामनगर पुलिस इस मामले में कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है और मामले की जांच में जुटी है।