मुम्बई
कांग्रेस ने देश के पांच दशक बर्बाद किए, तीसरे कार्यकाल में बनाएंगे विकसित भारत : नरेंद्र मोदी
अनुच्छेद 370 को कब्रिस्तान में गाड़ दिया, दुनिया की कोई ताकत दोबारा नहीं ला सकती : नरेंद्र मोदी
मुंबई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवारको मुंबई के ऐतिहासिक शिवाजी पार्क से विकसित भारत के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि, आजादी के बाद भारत की सभी व्यवस्थाओं के कांग्रेसीकरण से देश का पांच दशक सिर्फ बर्बाद हुआ है। मोदी ने कहा, “मैं गारंटी देता हूं कि मैं विकसित भारत देकर जाऊंगा। जब अगली बार मुंबई आऊंगा तो देश दुनिया की तीसरी अर्थव्यवस्था बन चुका होगा। इसमें मुंबई की भूमिका महत्वपूर्ण होगी।”
जनसभा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। उन्होंने कहा, “आजादी के बाद गांधी जी की सलाह पर अगर कांग्रेस को भंग कर दिया गया होता, तो आज भारत कम से कम पांच दशक आगे होता। जब देश आजाद हुआ था, तब भारत दुनिया की 6वीं बड़ी अर्थव्यवस्था था। 2014 में जब कांग्रेस सत्ता से गई, तब देश की अर्थव्यवस्था 11वें स्थान पर पहुंच गई थी। आज, 10 साल में, भारत दुनिया की 5वीं बड़ी आर्थिक ताकत बन गया है और रिकार्ड निवेश आ रहा है। भारत के साथ आजाद हुए कितने ही देश हमसे आगे निकल गए, हम क्या किसी से कम थे? कमी उस सरकार में थी जिसने भारतीयों के सामर्थ्य पर भरोसा नहीं किया।”
उन्होंने आगे कहा कि, “मोदी के पास 10 साल का रिपोर्ट कार्ड है और 25 साल का रोडमैप भी है। इंडी गठबंधन के पास क्या है? जितने लोग उतनी बातें, जितने दल उतनी घोषणाएं, जितने नेता उतने पीएम। कांग्रेस के माओवादी घोषणा पत्र से देश दिवालिया हो जाएगा। इनकी नजर हमारे मंदिरों के सोने पर है और महिलाओं के मंगलसूत्र पर है।”
पीएम मोदी ने कहा कि, “देश दशकों तक सीरियल बम धमाकों से लहूलुहान होता रहा। आतंकी हमलों से मां भारती का सीना चीर दिया जाता था। मुंबई जैसे शहर दहशत में रहते थे। एक ही गूंज सुनाई देती थी कि कोई लावारिश चीज दिखाई दे तो पुलिस को सूचना दें। इससे चौकन्ना रहना पड़ता था। 10 साल हो गए, सब बंद हो गया। ये इनको असंभव लगता था।”