चन्दौली
महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर मनाया गया कुष्ठ निवारण दिवस
चंदौली। अपर जिलाधिकारी सुरेन्द्र सिंह (वि०रा०) की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में महात्मा गांधी की पुण्य तिथि 30 जनवरी को कुष्ठ निवारण दिवस के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पर्श कुष्ठ जागरूकता अभियान 2025 के तहत शपथ दिलाई गई। शपथ में कहा गया, “आइए मिलकर जागरूकता फैलाएं, भ्रांतियों को दूर भगाएं, कुष्ठ प्रभावित कोई पीछे न छूटे।”
कार्यक्रम के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. वाई. के. राय और जिला कुष्ठ अधिकारी डॉ. रमेश प्रसाद ने कुष्ठ रोग के कारण, लक्षण और निवारण पर विस्तृत जानकारी दी। साथ ही, उन्होंने बताया कि स्पर्श कुष्ठ जागरूकता अभियान 2025 30 जनवरी से 13 फरवरी तक जनपद के सभी स्वास्थ्य केंद्रों, स्कूलों, कॉलेजों, नगर पंचायतों और ग्राम सभाओं में आयोजित किया जाएगा। इस दौरान कुष्ठ विषयक प्रश्नोतरी और अन्य गतिविधियां भी की जाएंगी।
अपर जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक ग्राम सभा में बैठक का आयोजन किया जाए, ताकि लोगों को जागरूक किया जा सके और उन्हें उपचार न कराने के दुष्परिणामों के बारे में बताया जा सके। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि विभिन्न माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए।
इसके अतिरिक्त, उन्होंने बताया कि 2 फरवरी 2025 को महेन्द्र टेक्निकल इंटर कॉलेज, चंदौली में जिला स्तरीय अधिकारियों और कुष्ठ रोग मुक्त रोगियों के साथ फ्रेंडली क्रिकेट मैच का आयोजन किया जाएगा, जिससे उनके मनोबल को बढ़ाते हुए सामाजिक कुरीतियों को दूर किया जाएगा और उन्हें समाज की मुख्य धारा में शामिल किया जाएगा, ताकि वे भी सामान्य नागरिकों की तरह अपना जीवन बेहतर ढंग से जी सकें। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी विकास मित्तल सहित अन्य संबंधित अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।