दुर्घटना
सड़क दुर्घटना में पांच डॉक्टरों की मौत
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा में सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी के पांच डॉक्टरों की मौत से परिवार में कोहराम
इटावा। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बुधवार तड़के कन्नौज के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी के पांच पीजी डॉक्टरों की मौत हो गई। हादसा सुबह करीब चार बजे उस समय हुआ, जब डॉक्टरों का दल लखनऊ में एक शादी समारोह से लौट रहा था।
मृतकों की पहचान डॉ. अनिरुद्ध वर्मा, डॉ. संतोष कुमार मौर्य, डॉ. जयवीर सिंह, डॉ. अरुण कुमार और डॉ. नरदेव के रूप में हुई है। सभी डॉक्टर पीजी की पढ़ाई कर रहे थे।
हादसे के पीछे का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है, लेकिन बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार के कारण वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। स्थानीय पुलिस और राहत टीम ने मौके पर पहुंचकर शवों को वाहन से बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
इस हादसे ने सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी और मृतकों के परिवारों में शोक की लहर दौड़ा दी है। यूनिवर्सिटी प्रशासन और डॉक्टर समुदाय ने घटना पर गहरा दुख जताया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
