Connect with us

वाराणसी

महिला पर फायरिंग करने वाला आरोपी गिरफ्तार, अवैध पिस्टल-कारतूस बरामद

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। कैंट थाना क्षेत्र के नदेसर स्थित होटल वेस्ट इन में दिनदहाड़े महिला पर गोली चलाने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से अवैध पिस्टल, .32 बोर के जिंदा कारतूस सहित अन्य सामान बरामद किया गया है।

पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण के क्रम में पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन, अपर पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन तथा सहायक पुलिस आयुक्त कैंट सर्किल के पर्यवेक्षण में कैंट पुलिस ने “जीरो टॉलरेंस” नीति के तहत कार्रवाई करते हुए इस घटना में वांछित अभियुक्त को धर दबोचा।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान शुभम राय पुत्र मनबोध सिंह निवासी चकलोला थाना कपसेठी, जनपद वाराणसी, उम्र 34 वर्ष के रूप में हुई है। उसके विरुद्ध थाना कैंट में मु0अ0सं0 176/2026 धारा 109 बीएनएस व 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज है।

पुलिस के अनुसार, 12 अप्रैल 2026 को वादिनी द्वारा थाना कैंट में अपनी पुत्री को गोली लगने के संबंध में अज्ञात आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया गया था। जांच के दौरान सामने आया कि 11 अप्रैल 2026 को एक युवक और युवती नदेसर स्थित होटल वेस्ट इन के कमरा संख्या 307 में ठहरे थे। दोपहर करीब 2 बजे दोनों गले में तौलिया लपेटे यह कहते हुए बाहर निकले कि चोट लग गई है। इसके बाद थाना सिगरा को सिंह हॉस्पिटल से गोली लगने की सूचना मिली, जिसमें युवती का पता मडुवाडीह दर्ज था।

विवेचना में स्पष्ट हुआ कि अभियुक्त शुभम राय ने आपसी विवाद के दौरान होटल के कमरे में ही युवती को गोली मार दी थी। घटना के खुलासे के बाद कैंट पुलिस ने 13 अप्रैल 2026 को दोपहर 1:30 बजे सैनिक अस्पताल के पास से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

Advertisement

तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक अवैध पिस्टल, एक जिंदा कारतूस .32 बोर, एक खोखा .32 बोर, 1060 रुपये नकद और एक एंड्रॉयड मोबाइल बरामद किया गया।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्र, उपनिरीक्षक सत्यम कुमार चौरसिया, उपनिरीक्षक सुमित पाण्डेय (चौकी प्रभारी नदेसर), हेड कांस्टेबल शनि विश्वर्मा और कांस्टेबल दुर्गेश कुमार शामिल रहे। पुलिस द्वारा मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page