Connect with us

गाजीपुर

मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने सैदपुर भीतरी स्टेशन व औड़िहार DEMU शेड का किया औचक निरीक्षण

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी/गाजीपुर। मंडल रेल प्रबंधक वाराणसी आशीष जैन ने शनिवार को सैदपुर भीतरी रेलवे स्टेशन एवं औड़िहार में स्थित DEMU शेड का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने यात्री सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था तथा रेल परिचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया।

सैदपुर भीतरी स्टेशन पर निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने प्लेटफॉर्म की स्थिति, साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था, शौचालय, टिकट काउंटर एवं सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। इसके साथ ही उन्होंने ट्रैक की स्थिति, रेल पटरियों, स्लीपर, बैलास्ट, जॉइंट्स तथा सिग्नलिंग व्यवस्था की भी बारीकी से जांच की। निरीक्षण उपरांत स्टेशन पैनल के उपकरणों की कार्यप्रणाली का अवलोकन करते हुए उन्होंने निर्देश दिया कि सभी तकनीकी उपकरणों की समय-समय पर जांच एवं रिकॉर्ड संधारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि रेल परिचालन पूर्णतः सुरक्षित और निर्बाध बना रहे।

मंडल रेल प्रबंधक ने स्टेशन परिसर की स्वच्छता पर विशेष जोर देते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने यात्रियों से संवाद कर उनकी समस्याएं एवं सुझाव भी सुने तथा यात्री सुविधाओं को और बेहतर बनाने का आश्वासन दिया। साथ ही स्टेशन पर कार्यरत रेल कर्मचारियों की उपस्थिति, कार्यप्रणाली एवं अनुशासन की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराना रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Advertisement

इसके पश्चात मंडल रेल प्रबंधक ने औड़िहार स्थित DEMU शेड का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान शेड में उपलब्ध रख-रखाव व्यवस्थाओं, संरक्षा मानकों, स्वच्छता, उपकरणों की कार्यशीलता एवं कर्मचारियों की उपस्थिति का गहन अवलोकन किया गया। उन्होंने DEMU ट्रेनों के अनुरक्षण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संरक्षा और समयबद्धता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने शेड में कार्यरत कर्मचारियों से संवाद कर उनकी समस्याएं एवं सुझाव भी सुने तथा आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने का आश्वासन दिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि अनुरक्षण कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए। इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर/ट्रेन सेट श्री राहुल मिश्र सहित अन्य पर्यवेक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page