चन्दौली
तीन स्कूलों के औचक निरीक्षण में शिक्षकों की लापरवाही उजागर, स्पष्टीकरण तलब
एमडीएम पंजिका अधूरी, छात्र उपस्थिति भी कम
चंदौली। कार्यालय जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, चंदौली द्वारा प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से अवगत कराया गया कि, गुरुवार को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार के द्वारा विकास खण्ड नौगढ़ के प्राथमिक विद्यालय सेमरिया, कम्पोजिट विद्यालय जयमोहनी पोस्ता एवं शमशेरपुर का औचक निरीक्षण किया गया, जिसमें पाया गया कि प्रा0 वि0 सेमरिया में 02 शिक्षा मित्र (शिवानंद एवं संतोष कुमार), कम्पोजिट विद्यालय शमशेरपुर में 01 शिक्षा मित्र (संतोष कुमार दूबे) तथा कम्पोजिट विद्यालय जयमोहनी पोस्ता में 01 सहायक अध्यापक (अभय कुमार गुप्ता) तथा 02 शिक्षा मित्र (प्रतिमा यादव एवं रमावती देवी) अनधिकृत रूप से अनुपस्थित पाये गये।
एमडीएम पंजिका भरी नहीं गयी थी एवं छात्र उपस्थिति अत्यंत कम पायी गयी। अनधिकृत रूप से अनुपस्थित सहायक अध्यापक एवं शिक्षा मित्रों का निरीक्षण तिथि का वेतन/मानदेय अवरुद्ध करते हुए खण्ड शिक्षा अधिकारी, विकास खण्ड नौगढ़ को उपरोक्त विद्यालयों के समस्त शिक्षकों से छात्र उपस्थिति, शिक्षण कार्य, एमडीएम, स्कूल चलो अभियान में नवीन नामांकन तथा साफ-सफाई पर स्पष्टीकरण प्राप्त कर तीन दिवस के अन्दर अपनी स्पष्ट आख्या के साथ अधोहस्ताक्षरी कार्यालय में उपलब्ध कराने हेतु निर्देशित किया गया। साथ ही अन्य विद्यालयों में शत-प्रतिशत छात्र उपस्थिति, एमडीएम गुणवत्ता, विद्यालय में साफ-सफाई कराये जाने हेतु निर्देशित किया गया।
