दुर्घटना
ट्रैक्टर से टकरायी बाइक, देवर-भाभी की हालत गंभीर
बारात में शामिल होने जा रहे थे भाभी-देवर
मड़िहान (मिर्जापुर)। जिले के संतनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत लालगंज-दीपनगर संपर्क मार्ग पर खंडवार-मझारी गांव में बुधवार शाम एक दर्दनाक हादसा हुआ। बाइक सवार भाभी-देवर की ट्रैक्टर से जोरदार टक्कर हो गई, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, कृष्ण जीत शुक्ला (26), पुत्र शिवदत्त, अपनी भाभी ममता (25), पत्नी पुनीत, निवासी नदौली करोड़ी, थाना ड्रमनगंज को बाइक पर बैठाकर बारात में शामिल होने दीपनगर की ओर जा रहे थे। शाम करीब 6 बजे खंडवार-मझारी गांव में उनकी बाइक सामने से आ रहे अनियंत्रित ट्रैक्टर से टकरा गई।

टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों भाभी-देवर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची संतनगर पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार, महिला की हालत नाजुक बनी हुई है।

घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने बताया कि संपर्क मार्ग पर भारी वाहनों की अनियंत्रित आवाजाही के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। ग्रामीणों ने इस मार्ग पर यातायात नियंत्रण और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग की है। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक की पहचान कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
