पूर्वांचल
काम किये बिना वाराणसी की फर्म को हो गया लाखों का भुगतान
वाराणसी/भदोही। औराई ब्लॉक, जो अक्सर विवादों में रहता है एक बार फिर चर्चा का विषय बन गया है। ताजा मामला बिना काम कराए एक फर्म को 5 लाख 30 हजार रुपये के भुगतान का है। कंसापुर गांव में नहर से भक्तापुर बॉर्डर तक 300 मीटर भूमिगत नाली का निर्माण कार्य चल रहा है जिसकी लागत 5 लाख 30 हजार रुपये है।
हालांकि यह काम अभी अधूरा है लेकिन ब्लॉक अधिकारियों ने फर्जी फंड ट्रांसफर ऑर्डर (एफटीओ) बनाकर एक वाराणसी की फर्म को पूरा भुगतान कर दिया। इस घोटाले का पता तब चला जब ग्राम प्रधान शिवशंकर जायसवाल भुगतान के सिलसिले में ब्लॉक पहुंचे। वहां उन्हें जानकारी मिली कि राशि पहले ही ट्रांसफर कर दी गई है।
इस प्रक्रिया में न तो प्रधान के हस्ताक्षर लिए गए और न ही सचिव को इसकी जानकारी दी गई। ग्राम प्रधान ने इस मामले की शिकायत ब्लॉक अधिकारियों और मुख्यमंत्री कार्यालय से की। उन्होंने बताया कि मनरेगा से जुड़े कई कर्मचारियों पर भी सवाल उठ रहे हैं।
इसके अलावा एक अन्य गांव में अमृत सरोवर के काम के नाम पर 10 लाख रुपये का फर्जी भुगतान किया गया है।सीडीओ डॉ. शिवाकांत द्विवेदी ने मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि दोषियों की जांच कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
