गोरखपुर
कड़ी व्यवस्था के बीच DDU गोरखपुर की परीक्षा शुरू, पहले दिन अनुपस्थित रहे सैकड़ों छात्र
गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में सत्र 2025-26 की वार्षिक परीक्षाएं पहले दिन से ही शुचितापूर्ण, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित वातावरण में प्रारम्भ हुईं। विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा सघन जांच एवं कड़ी निगरानी के बीच परीक्षाएं संपन्न कराई जा रही हैं।
प्रथम पाली में कला संकाय में आयोजित परीक्षा के दौरान कुल पंजीकृत परीक्षार्थियों की संख्या 2050 रही, जिनमें से 1664 परीक्षार्थी उपस्थित हुए, जबकि 386 अनुपस्थित रहे। इस पाली में केंद्राध्यक्ष के रूप में प्रो. संगीता पांडेय ने परीक्षा संचालन की जिम्मेदारी संभाली।
द्वितीय पाली में दीक्षा भवन केंद्र पर आयोजित परीक्षा में कुल 1184 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 1077 परीक्षार्थी उपस्थित हुए, जबकि 107 अनुपस्थित रहे। इस पाली के केंद्राध्यक्ष के रूप में प्रो. आर.पी. सिंह ने परीक्षा को सुव्यवस्थित ढंग से संचालित कराया।
विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा परीक्षा की शुचिता एवं पारदर्शिता बनाए रखने हेतु सभी केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। परीक्षाओं के दौरान अनुशासन एवं निष्पक्षता बनाए रखने के लिए सतत निगरानी की जा रही है, जिससे परीक्षा प्रक्रिया सुचारु रूप से संपन्न हो रही है।
