चन्दौली
सकलडीहा ब्लॉक को मिला नया पानी टैंकर, गर्मी में राहत की उम्मीद

सकलडीहा (चंदौली)। गर्मी के प्रचंड प्रकोप के बीच ब्लॉक क्षेत्र में पेयजल संकट से निपटने के लिए प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। सकलडीहा ब्लॉक के लिए एक नया पानी का टैंकर तैयार किया गया है, जिसे मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) के निर्देश पर ब्लॉक प्रमुख अवधेश सिंह और खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) विजय कुमार सिंह ने बनवाया है।
गौरतलब है कि भीषण गर्मी के कारण क्षेत्र के कई हैंडपंपों का जल स्तर गिर गया है, जिससे पानी की आपूर्ति प्रभावित हो रही है। वहीं, सरकारी आयोजनों एवं सामूहिक कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति के चलते जल संकट और गंभीर हो जाता है।
बीडीओ विजय कुमार सिंह ने जानकारी दी कि, “नया टैंकर अधिक जल क्षमता वाला है। इससे विशेषकर सामूहिक विवाह, सरकारी कार्यक्रमों और अन्य बड़े आयोजनों में पेयजल की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जा सकेगी।”
स्थानीय नागरिकों ने इस पहल का स्वागत करते हुए प्रशासन का आभार जताया है। उम्मीद की जा रही है कि इस सुविधा से ब्लॉक क्षेत्र के लोगों को गर्मी के मौसम में बड़ी राहत मिलेगी।