राज्य-राजधानी
कोलकाता के ऋतुराज होटल में भीषण आग, 14 की मौत

कोलकाता। पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में मंगलवार रात एक दर्दनाक हादसे में 14 लोगों की मौत हो गई। यह घटना मेचुआपट्टी के बड़ाबाजार इलाके स्थित ऋतुराज होटल में रात करीब 8:15 बजे घटी, जब होटल में अचानक आग लग गई। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग का संभावित कारण माना जा रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियाँ मौके पर पहुँचीं और दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, लेकिन 14 लोगों की जान नहीं बचाई जा सकी।
कोलकाता पुलिस कमिश्नर मनोज कुमार वर्मा ने पुष्टि करते हुए कहा, “14 शव बरामद किए जा चुके हैं। कई अन्य लोगों को सुरक्षित निकाला गया है। आग बुझा दी गई है और बचाव कार्य अब भी जारी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया है।”

मुख्यमंत्री ने ली तत्काल जानकारी
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने घटना की जानकारी मिलते ही कोलकाता के मेयर फिरहाद हकीम को पुलिस कमिश्नर के साथ मौके पर पहुँचने का निर्देश दिया। स्थानीय तृणमूल नेताओं ने बताया कि मुख्यमंत्री पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।
नगर निगम पर उठे सवाल
वहीं, पश्चिम बंगाल कांग्रेस अध्यक्ष शुभंकर सरकार ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा, “यह बेहद दुखद घटना है। इतनी बड़ी आग के बावजूद इमारत में कोई उचित सुरक्षा व्यवस्था नहीं थी। नगर निगम की लापरवाही स्पष्ट है।”
फिलहाल घटना की जांच जारी है और प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है।