मनोरंजन
Shaktimaan की गीता विश्वास ने खोले जिंदगी के सबसे दर्दनाक राज
मुंबई। लोकप्रिय धारावाहिक ‘शक्तिमान’ में गीता विश्वास का किरदार निभाकर घर-घर पहचान बनाने वाली अभिनेत्री वैष्णवी मैकडोनाल्ड (Vaishnavi Macdonald) ने हाल ही में अपने जीवन से जुड़ी कई दर्दनाक यादों को साझा किया है। उन्होंने बताया कि प्रसिद्धि से पहले उनका बचपन गंभीर पारिवारिक परेशानियों और आर्थिक संकटों के बीच बीता, जिसका असर उनकी पढ़ाई और भविष्य की योजनाओं पर भी पड़ा।

एक साक्षात्कार में वैष्णवी ने बताया कि माता-पिता के बीच लगातार चलने वाले विवादों के कारण उनका परिवार एक होटल से दूसरे होटल में भटकता रहा। इस अस्थिर जीवनशैली की वजह से उनकी स्कूली शिक्षा प्रभावित हुई। उन्होंने कहा कि वह पढ़ाई में अच्छी थीं और वैज्ञानिक बनना चाहती थीं, लेकिन चौथी कक्षा से दसवीं कक्षा तक के छह साल इस उथल-पुथल में बीत गए।

उन्होंने यह भी बताया कि जब परिवार हैदराबाद में किराए के एक छोटे मकान में रहने लगा और जीवन कुछ स्थिर हुआ, तभी उनके पिता अचानक बिना बताए लापता हो गए। उस समय वह मात्र 14 वर्ष की थीं। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना शुरू की और कुछ ही महीनों बाद उनके पिता घर से चले गए, जिनका फिर कोई पता नहीं चल सका।
पिता की तलाश में उनकी मां उधार लेकर दोनों बेटियों को मुंबई ले आईं। यहां वे एक लॉज में रहने लगे, लेकिन आर्थिक स्थिति लगातार बिगड़ती चली गई। वैष्णवी के अनुसार, एक समय ऐसा भी आया जब पैसों की कमी और भविष्य की चिंता से परेशान होकर उनकी मां ने बच्चों को जहर देने और स्वयं आत्महत्या करने का विचार किया। बाद में मां ने उन्हें यह बात बताई थी। उस समय वैष्णवी 16 वर्ष की थीं और उनकी बहन 12 वर्ष की।

इस कठिन दौर में एक चर्च में जाना उनके जीवन का अहम मोड़ साबित हुआ। वैष्णवी ने कहा कि वहां उन्हें एक अलग ही आध्यात्मिक अनुभव हुआ और उन्होंने ईश्वर की शक्ति को महसूस किया। उसी दिन जब वे वापस लॉज लौटीं, तो दरवाजे के बाहर 100 रुपये के नए नोटों का एक बंडल मिला, जिसकी रकम उनके बकाया बिल चुकाने के लिए पर्याप्त थी। इस घटना के बाद उनका ईश्वर पर विश्वास और मजबूत हो गया।
इससे पहले वैष्णवी ने पत्रकार सिद्धार्थ कन्नान को दिए एक इंटरव्यू में भी अपने संघर्षों का उल्लेख किया था। उन्होंने कहा कि तमाम कठिनाइयों के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और आगे बढ़ती रहीं।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 1997 से 2005 तक प्रसारित ‘शक्तिमान’ में गीता विश्वास की भूमिका निभाकर वैष्णवी मैकडोनाल्ड ने खास पहचान बनाई थी। आज भी दर्शक उन्हें इसी किरदार के माध्यम से याद करते हैं। उनके जीवन की यह कहानी संघर्ष, धैर्य और आस्था की मिसाल मानी जा रही है।
