Connect with us

खेल

MI vs KKR : मुंबई इंडियंस ने 13 साल बाद जीता ओपनिंग मैच, केकेआर को छह विकेट से हराया

Published

on

Loading...
Loading...

मुंबई। मुंबई इंडियंस ने आईपीएल 2026 के दूसरे मुकाबले में दमदार प्रदर्शन करते हुए कोलकाता नाइट राइडर्स को छह विकेट से पराजित कर 13 वर्षों से चले आ रहे ओपनिंग मैच में हार के सिलसिले को समाप्त कर दिया। मुंबई ने इससे पहले 2012 में सत्र का पहला मुकाबला जीता था, जिसके बाद लगातार हार का सामना करना पड़ा था।

वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए केकेआर ने 20 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर 220 रन बनाए। जवाब में मुंबई ने 19.1 ओवर में चार विकेट खोकर 224 रन बनाते हुए लक्ष्य हासिल कर लिया।

मुंबई की जीत में रोहित शर्मा और रेयान रिकेल्टन की शानदार पारियों की अहम भूमिका रही। दोनों ने पहले विकेट के लिए 71 गेंदों में 148 रन की साझेदारी कर टीम को मजबूत आधार दिया। रोहित ने 38 गेंदों में छह चौके और छह छक्कों की मदद से 78 रन बनाए, जबकि रिकेल्टन ने 43 गेंदों पर चार चौके और आठ छक्कों की सहायता से 81 रन की पारी खेली।

Advertisement

लक्ष्य का पीछा करते हुए मुंबई की शुरुआत बेहद तेज रही। चार ओवर के बाद टीम बिना किसी नुकसान के 49 रन बना चुकी थी। रोहित शर्मा ने 23 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया, जो उनके आईपीएल करियर का 50वां अर्धशतक रहा। वहीं, रिकेल्टन ने भी 24 गेंदों में पचासा जड़ा।

हालांकि, 12वें ओवर में वैभव अरोड़ा ने रोहित को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। इसके बाद सूर्यकुमार यादव 16 रन बनाकर आउट हुए, जबकि रिकेल्टन रनआउट होकर पवेलियन लौटे। अंत में तिलक वर्मा और कप्तान हार्दिक पांड्या ने पारी को संभालते हुए टीम को जीत दिला दी।

इससे पहले केकेआर की ओर से अजिंक्य रहाणे ने 40 गेंदों में पांच छक्कों और तीन चौकों की मदद से 67 रन की पारी खेली, जबकि अंगकृष रघुवंशी ने 29 गेंदों में दो छक्कों और छह चौकों की सहायता से 51 रन बनाए। दोनों के बीच महत्वपूर्ण साझेदारी देखने को मिली।

पारी की शुरुआत में फिन एलन ने 17 गेंदों पर छह चौके और दो छक्कों की मदद से 37 रन बनाए। इसके बाद रहाणे और कैमरन ग्रीन के बीच 21 गेंदों पर 40 रन की साझेदारी हुई। ग्रीन 10 गेंदों में 18 रन बनाकर आउट हुए।

Advertisement

आगे चलकर रहाणे और रघुवंशी ने टीम को 145 रन तक पहुंचाया। रहाणे के आउट होने के बाद रघुवंशी और रिंकू सिंह ने चौथे विकेट के लिए 30 गेंदों में 60 रन जोड़े। रिंकू 21 गेंदों में चार चौकों की मदद से 33 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि रमनदीप सिंह चार रन बनाकर नाबाद लौटे।

मुंबई की ओर से शार्दुल ठाकुर ने सर्वाधिक तीन विकेट लिए, जबकि हार्दिक पांड्या को एक सफलता मिली। इस जीत के साथ मुंबई इंडियंस ने न सिर्फ सत्र की विजयी शुरुआत की, बल्कि वर्षों से चले आ रहे अपने खराब रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page