गाजीपुर
स्कूल चलो अभियान रैली के जरिए बच्चों ने दिया शिक्षा का संदेश
मरदह (गाजीपुर) जयदेश। प्रदेश सरकार की प्राथमिक शिक्षा को सुदृढ़ बनाने की पहल के अंतर्गत आज न्याय पंचायत रानीपुर में “स्कूल चलो अभियान” रैली का भव्य आयोजन किया गया। रैली को खण्ड शिक्षा अधिकारी दीनानाथ साहनी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और रैली का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के हर बच्चे को स्कूल से जोड़ना और शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करना है।

रैली की शुरुआत न्याय पंचायत संसाधन केन्द्र (NPRC), रानीपुर से हुई। स्कूली बच्चों ने हाथों में उत्साहपूर्वक बैनर लेकर गांव की गलियों में भ्रमण किया। बैनर पर “हम भी स्कूल जाएंगे, सबका मान बढ़ाएंगे” जैसे प्रेरणादायक नारे लिखे थे, जो ग्रामीणों को अपने बच्चों को शिक्षित करने के लिए प्रोत्साहित कर रहे थे।

इस अवसर पर दुर्गा प्रसाद सिंह (नोडल, NPRC रानीपुर) के साथ विरेंद्र सिंह यादव प्रधानाध्यापक पारा, अंगद कुशवाहा प्रधानाध्यापक डाड़ेवन, वकील राम, सुभाष सिंह कुशवाहा, देवनारायण राम प्रधानाध्यापक पूर्व माध्यमिक विद्यालय डाड़ेवन, दीपक यादव, योगेंद्र सिंह यादव प्रधानाध्यापक कम्पोजिट विद्यालय महमूद पुर, इकबाल अहमद, संजय कुमार वर्मा, राजेश यादव व सभी शिक्षक उपस्थित रहे।

शिक्षकों ने अभिभावकों को समझाते हुए कहा कि शिक्षा ही उज्जवल भविष्य की एकमात्र कुंजी है और सरकार द्वारा दी जा रही सुविधाओं (जैसे निःशुल्क यूनिफॉर्म, किताबें और मिड-डे मील) का लाभ उठाने की अपील की।
