राज्य-राजधानी
सोनहा पुलिस ने 550 ग्राम गांजे के साथ तस्कर को दबोचा
बस्ती। जनपद की सोनहा पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार पर एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए बीती रात एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से 550 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। यह कार्रवाई थाना प्रभारी चन्दन कुमार के नेतृत्व में की गई, जिन्होंने क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध वाहनों की तलाशी अभियान चलाया था।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस टीम देर रात जब बैडवा पुल के पास गश्त पर थी, तभी एक पल्सर मोटरसाइकिल सवार युवक संदिग्ध हालत में दिखाई दिया। पुलिस ने जब उसे रुकने का इशारा किया और तलाशी ली, तो उसके पास से गांजा से भरा हुआ पैकेट बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपी की पहचान अशोक कुमार पुत्र टिकोरी, निवासी धौरहरा, थाना शिवनगर डिडई, जनपद सिद्धार्थनगर के रूप में हुई। पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को गिरफ्तार कर बाइक को कब्जे में ले लिया।
थाना प्रभारी चन्दन कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी ताकि क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।
