Connect with us

मऊ

सीएम डैशबोर्ड बैठक: खराब प्रदर्शन पर अफसरों को चेतावनी

Published

on

मऊ। जिलाधिकारी प्रवीण मिश्र की अध्यक्षता में कैंप कार्यालय पर सीएम डैशबोर्ड आधारित विकास कार्यों की मासिक समीक्षा बैठक संपन्न हुई। इस दौरान विभिन्न विभागों के कार्यों की गहन समीक्षा की गई और आवश्यक सुधार हेतु निर्देश दिए गए।

अल्पसंख्यक, समाज कल्याण और पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की पूर्व दशम छात्रवृत्ति में ई, बी और सी ग्रेड प्राप्त होने पर संबंधित अधिकारियों को कड़ी चेतावनी देते हुए सुधार के निर्देश दिए गए। विद्युत आपूर्ति की स्थिति में शहरी क्षेत्रों में ई ग्रेड पाए जाने पर अधिशासी अभियंता को इसमें तुरंत सुधार लाने के लिए कहा गया।

बेसिक शिक्षा विभाग की समीक्षा में मध्याह्न भोजन और विद्यार्थियों की उपस्थिति को लेकर असंतोषजनक प्रदर्शन सामने आने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई और खराब प्रदर्शन करने वाले तीन खंड शिक्षा अधिकारियों व प्रधानाध्यापकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।

दुग्ध विभाग से जुड़े कार्यों की समीक्षा में उन्होंने डीसी एनआरएलएम को परिवहन व्यवस्था उपलब्ध कराकर समूह के माध्यम से दूध विक्रय सुनिश्चित करने को कहा।

पेंशन योजनाओं की समीक्षा में जिलाधिकारी ने निराश्रित, वृद्धावस्था और अन्य पेंशन आवेदनों के शीघ्र सत्यापन और निस्तारण पर जोर दिया। उन्होंने सभी खंड विकास अधिकारियों को अपने क्षेत्रों में सर्वे कर पात्र लोगों को पेंशन योजनाओं का लाभ दिलाने तथा आवश्यकतानुसार ग्राम पंचायत स्तर पर कैंप आयोजित करने के निर्देश दिए।

Advertisement

पंचायती राज विभाग की समीक्षा में 15वें वित्त के तहत धन खर्च की कमी पाए जाने पर लापरवाह ग्राम पंचायत अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा गया।

सामाजिक वानिकी विभाग के कार्यों की समीक्षा के दौरान वन विभाग को वृक्षारोपण के बाद उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। निराश्रित गोवंश की देखरेख के लिए मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को उप जिला अधिकारी एवं खंड विकास अधिकारियों के समन्वय से गौशालाओं में हरे चारे की पर्याप्त व्यवस्था करने को कहा गया।

माध्यमिक शिक्षा विभाग की प्रोजेक्ट अलंकार योजना की प्रगति की समीक्षा में सभी स्थलों पर कार्य प्रारंभ होने की स्थिति की जांच करने के निर्देश दिए गए।

श्रम एवं सेवा योजन विभाग की कन्या विवाह सहायता योजना और मातृत्व शिशु एवं बालिका मदद योजना को लेकर समस्त विवरण खंड विकास अधिकारियों को उपलब्ध कराने के निर्देश सहायक श्रम आयुक्त को दिए गए।

साथ ही, इन योजनाओं का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार कर पात्र व्यक्तियों को लाभान्वित करने के लिए भी कहा गया। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत निर्धारित लक्ष्य को फरवरी माह में ही पूरा करने का निर्देश दिया गया।

Advertisement

सिंचाई विभाग की समीक्षा में टेल फीडिंग ग्रेडिंग सुधारने और सिल्ट सफाई कार्य को समय पर पूरा करने पर जोर दिया गया। जिन विभागों की योजनाओं में बी, सी, डी या ई ग्रेड प्राप्त हुआ था, उन्हें शीघ्र सुधार कर ए या ए+ ग्रेड प्राप्त करने के निर्देश दिए गए, अन्यथा कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई। सभी विभागों को ई-ऑफिस के माध्यम से पत्रावलियों का संचालन सुनिश्चित करने और कर्मचारियों को बिना हेलमेट वाहन चलाने से रोकने के निर्देश भी जारी किए गए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी प्रशांत नागर, जिला विकास अधिकारी उमेश चंद तिवारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राहुल सिंह सहित अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी एवं खंड विकास अधिकारी उपस्थित रहे।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa