गोरखपुर
सतर्कता और पुलिस की तत्परता से साइबर ठगी की रकम हुई रिफंड
गोरखपुर। जनपद में साइबर अपराधों पर नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत राजघाट पुलिस व साइबर टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन क्रेडिट कार्ड धोखाधड़ी के शिकार एक आवेदक को 58,127 रुपये की राशि वापस दिलाने में सफलता हासिल की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर के निर्देशन में, पुलिस अधीक्षक नगर व पुलिस अधीक्षक अपराध के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी कोतवाली के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक राजघाट के नेतृत्व में साइबर कमांडो व साइबर सेल टीम ने यह कार्रवाई की। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित ने राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर शिकायत दर्ज कराई थी कि एक्सिस क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने के नाम पर साइबर अपराधियों ने उनसे 58,146 की ठगी कर ली।
शिकायत मिलते ही पुलिस ने त्वरित संज्ञान लेते हुए जांच शुरू की। पता चला कि ठगी की गई रकम का उपयोग टाटा क्लिक के माध्यम से ऑनलाइन गोल्ड खरीदने में किया गया है। इसके बाद साइबर कमांडो उपनिरीक्षक उपेन्द्र कुमार सिंह की सहायता से साइबर नोडल उपनिरीक्षक वैभव विश्वकर्मा ने संबंधित नोडल अधिकारी से समन्वय स्थापित किया और संदिग्ध लेनदेन को तत्काल रुकवाया गया।
आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए साइबर हेल्पडेस्क टीम थाना राजघाट ने कार्रवाई कर पीड़ित के क्रेडिट कार्ड खाते में 58,127 की राशि रिफंड करा दी। इस सफल कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक पंकज गुप्ता, उपनिरीक्षक उपेन्द्र कुमार सिंह, उपनिरीक्षक वैभव विश्वकर्मा तथा कंप्यूटर ऑपरेटर हेड कांस्टेबल राम प्रकाश चौधरी की अहम भूमिका रही।
